प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बंगाल चुनाव 2021 के दौरान शुक्रवार को पहली वर्चुअल रैली को संबोधित किया। वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से कोलकाता, बीरभूम, मालदा और मुर्शिदाबाद के मतदाताओं को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने यह वादा किया कि दो मई को राज्य में भाजपा की सरकार बनने के बाद कोलकाता को ‘सिटी ऑफ फ्यूचर‘ यानी भविष्य के शहर के रूप में विकसित किया जाएगा।
पीएम मोदी ने भ्रष्टाचार, घुसपैठ, तस्करी, हिंसा और अवैध कारोबार को विकास का घोर दुश्मन करार देते हुए दावा किया कि आज के बंगाल में शांति, सुरक्षा और विकास की एक ललक दिख रही है और इसलिए वह भेदभाव से मुक्त और सद्भाव से युक्त व्यवस्था के लिए मतदान कर रहा है। पीएम मोदी ने कहा कि घुसपैठ, तस्करी, अवैध कारोबार, हिंसा, तोलाबाजी, सिंडिकेट, ये विकास के घोर दुश्मन हैं। भारत में निवेश करने के लिए दुनिया संभावनाएं तलाश कर रही हैं और लगातार रिकॉर्ड निवेश भारत में हो रहा है। इस निवेश का एक बड़ा हिस्सा पश्चिम बंगाल में लगे, यहां हर प्रकार के शिल्प को हर प्रकार के रोजगार को बल मिले, इसके लिए भाजपा सरकार भरपूर प्रयास करेगी।
' सिटी ऑफ जॉय' को नया रूप देंगे
प्रधानमंत्री ने कहा कि कोलकाता की पहचान ‘सिटी ऑफ जॉय‘ के रूप में रही है, लेकिन अब आधुनिक अवसंचना विकास के माध्यम से इसको सिटी ऑफ फ्यूचर के रूप में विकसित किया जाएगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि मालदा, मुर्शिदाबाद से लेकर बीरभूम और कोलकाता तक हर कोई पश्चिम बंगाल का पुराना गौरव लौटते देखना चाहता है। हर कोई ये चाहता है कि जिस पश्चिम बंगाल में लोग सपने सच करने आते थे, वो पश्चिम बंगाल 21वीं सदी के अवतार के साथ हमें मिल जाए।
भाजपा की डबल इंजन सरकार कोई कसर नहीं छोड़ेगी
उन्होंने दावा किया कि भाजपा की डबल इंजन की सरकार इसमें कोई कसर बाकी नहीं छोड़ेगी। प्रधानमंत्री ने दावा किया कि पश्चिम बंगाल विधानसभा का चुनाव सिर्फ सत्ता बदलने के लिए नहीं हैं, बल्कि उसे एक आकांक्षी और एक आशावादी राज्य के रूप में विकसित करने का है। गांव हो या शहर हर जगह बेहतर जीवन, बेहतर शिक्षा, बेहतर रोजगार, बेहतर विकल्प के लिए एक तड़प देख रहा हूं।
कोविड-19 से बचाव के दिए मंत्र भी
बंगाल की जनता से कोविड-19 से बचाव संबंधी सभी उपायों का गंभीरता से पालन करने का अनुरोध किया और कहा कि अस्पतालों पर आज के दिन जो भारी दबाव है उसे अपनी सावधानी से काम करना है। वैज्ञानिक और चिकित्सीय सलाह पर ही हमें आगे बढ़ना है। एकजुट होकर इस लड़ाई को लड़ना है। टीके के दौरान भी और टीके के बाद भी हमें मास्क से अपने मुंह को ढंक कर रखना है। साथ ही दवाई भी और कड़ाई भी के मंत्र को याद रखना है।
देश में आ रहा रिकॉर्ड निवेश, बड़ा हिस्सा खर्च होगा बंगाल के विकास में : मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को चुनावी रैली में पश्चिम बंगाल को विकास का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि देश में रिकॉर्ड निवेश आ रहा है। इस निवेश का ज्यादा से ज्यादा हिस्सा पश्चिम बंगाल के लिए खर्च किया जाएगा। भाजपा सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि इस निवेश का बड़ा हिस्सा पश्चिम बंगाल में सभी प्रकार के उद्योग और रोजगार को बढ़ावा देने में उपयोग किया जाए।
सूरी, मालदा, बेहरामपुर और भवानीपुर में वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के जरिए अपने संबोधन में मोदी ने कहा कि शासन में पक्षपात हटाने के लिए पश्चिम बंगाल वोट कर रहा है। लोग रोजगार के अवसरों, जीवन यापन और व्यवसाय में आसानी को देख रहे हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा ने बंगाल के सभी लोगों की जरूरतों को पूरा करने का संकल्प लिया है। केंद्र द्वारा लाई गई नई शिक्षा नीति (एनईपी) का जिक्र करते हुए मोदी ने कहा कि विद्यार्थियों को स्कूल के दिन से ही उद्योग से जुड़ने की जरूरत है। उन्हें उनकी भाषा और प्राथमिकताओं के आधार पर शिक्षा दी जानी चाहिए। यही नई शिक्षा नीति का सिद्धांत है।
जूट और सिल्क उद्योग को देंगे बढ़ावा
प्रधानमंत्री ने कहा, आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत भाजपा राज्य में जूट और सिल्क उद्योग को बढ़ावा देगी। रेशम और जूट उद्योग आत्मानिभर भारत के महत्वपूर्ण पहलू हैं। उन्हें बढ़ावा देना हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि इसी तरह, हम फलों और सब्जियों के अपव्यय को भी कम करेंगे और किसानों की हरसंभव मदद करेंगे।
कोरोना संकट के कारण आप से तकनीक से जुड़ा
कोरोना संकट की वजह से बंगाल के लोगों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये जुड़ने पर उन्होंने कहा देश में कोरोना की स्थिति की वजह से मैं बैठकों में व्यस्त था। अब मैं आप लोगों से तकनीक के माध्यम से जुड़ा हूं।
आखिरी चुनावी रैली
ज्ञात हो कि देश में बढ़ते कोरोना के मामलों के मद्देनजर प्रधानमंत्री ने शुक्रवार और शनिवार को राज्य में अपनी प्रस्तावित रैलियों को रद्द कर आज राजधानी दिल्ली से वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से अपनी आखिरी चुनावी रैली को संबोधित किया।