बंगाल की चुनावी जंग में फतह हासिल करने के लिए जहां भाजपा ने कोई कसर नहीं छोड़ी वहीं तृणमूल कांग्रेस ने भी अपने बचाव व भाजपा पर पलटवार में कोई कमी नहीं रखी। चुनाव में ऑडियो-वीडियो से वार-पलटवार भी खूब हुए, लेकिन उनका चुनावी चकल्लस से ज्यादा असर नहीं हुआ।
नंदीग्राम में जिताने की अपील करती सुनाई दीं ममता
भाजपा ने ममता बनर्जी का एक कथित वीडियो नंदीग्राम का जारी किया। इसमें वह एक भाजपा नेता को फोन कर पार्टी में वापस आने और उन्हें नंदीग्राम से जिताने का आग्रह करतीं सुनाई दीं। भाजपा उपाध्यक्ष प्रलय पाल ने दावा किया है कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने खुद कॉल करके उनसे नंदीग्राम में मदद मांगी। इस पर भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि ममता अब दिवालिया हो गई हैं। वह मेरे कार्यकर्ताओं को फोन क्यों कर रही हैं। उन्हें हार का डर अभी से सताने लगा है। भाजपा के आईटी सेल के चीफ अमित मालवीय ने ये ऑडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था।
वीडियो में पैर हिलाती नजर आईं टीएमसी प्रमुख
चुनाव के दौरान ही पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का एक अन्य वीडियो सामने आया था। इसमें वह व्हिल चेयर पर बैठकर प्लास्टर लगा अपना पैर आगे-पीछे करती नजर आईं। सोशल मीडिया पर यह वीडियो वायरल होने के बाद तृणमूल कांग्रेस के प्रतिद्वंद्वियों को हमला करने मौका मिल गया। भाजपा नेताओं ने कहा कि बनर्जी सहानुभूति बटोरने के लिए चोट लगने का नाटक कर रही हैं।
भाजपा नेता प्रणय रॉय ने कहा कि यह वीडियो नेटवर्किंग वेबसाइटों पर आया है और बीजेपी से जुड़े किसी व्यक्ति ने इसे नहीं बनाया है। तृणमूल कांग्रेस के किसी कार्यकर्ता ने यह वीडियो बनाया। हम चाहते हैं कि बनर्जी की हालत जल्द ठीक हो जाए, हम इसके लिए प्रार्थना करते हैं, लेकिन उन्हें इस तरह की नौटंकी नहीं करनी चाहिए।' रॉय ने कहा, 'अगर वह पैर हिलाकर व्यायाम कर रही थीं तो मेरा सुझाव है कि उन्हें चलने का प्रयास करना चाहिए, इससे वह जल्द ठीक हो जाएंगी।'
बैंडेज से हार नहीं टलेगी : राहुल सिन्हा
इसी वीडियो को लेकर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर तंज करते हुए बीजेपी के वरिष्ठ नेता राहुल सिन्हा ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो के बैंडेज से उन्हें वोट नहीं मिलेंगे। जैसे-जैसे उनका (बनर्जी) भरोसा टूट रहा है, उनका बैंडेज बढता जा रहा है। वह भूल गई हैं कि किस पैर में चोट आई थी और उन्होंने गलत पैर हिलाए। वह चुनाव हार चुकी हैं, बैंडेज से आसन्न हार नहीं टलने वाली।'
टीएमसी ने किया पलटवार-बंगाल की महिलाओं का अपमान बताया
बीजेपी नेताओं के बयान पर कड़ी आपत्ति जताते हुए बंगाल के मंत्री शशि पांजा ने कहा कि बनर्जी की चोट पर संदेह पैदा कर बीजेपी ने न केवल बनर्जी का बल्कि समूचे बंगाल की महिलाओं का अपमान किया है। पांजा ने कहा, 'बीजेपी ने जिस तरह मुख्यमंत्री का अपमान किया है, हम उसकी निंदा करते हैं। उन्होंने समूचे बंगाल की महिलाओं का अपमान किया। हम उन्हें राज्य की महिलाओं के प्रति सम्मान दिखाने का अनुरोध करते हैं।'
प्रशांत किशोर का ऑडियो आया, पीएम की तारीफ करते सुनाई दिए
चौथे चरण के मतदान के पूर्व एक ऑडियो टीएमसी के चुनाव रणनीतिकार प्रशांत किशोर का आया। इसमें वह कथित तौर पर प्रशांत किशोर चुनाव की बातें करते हुए सुने जा सकते हैं। इसमें प्रशांत कह रहे हैं कि राज्य में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी मुख्यमंत्री ममता बनर्जी जितने ही लोकप्रिय हैं। इससे पहले उन्होंने कहा था कि पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार नहीं बनेगी। उसे 100 सीटों से अधिक नहीं मिलेंगी।
प्रशांत ने दोहराया 100 से ज्यादा सीटें नहीं जीतेगी भाजपा
कुछ पत्रकारों के साथ किशोर के इस ऑडियो की बातचीत का अंश साझा करते हुए भाजपा की आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने दावा किया कि तृणमूल कांग्रेस ने अपना चुनाव गंवा दिया है। जबकि इसके बाद प्रशांत किशोर ने भाजपा को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘क्लबहाउस’ पर पूरा चैट जारी करने की चुनौती दी है और फिर दावा किया है कि वर्तमान विधानसभा चुनाव में भगवा पार्टी को 100 से ज्यादा सीटें नहीं मिलेंगी।