पश्चिम बंगाल विधान सभा चुनाव में टॉलीगंज सीट से अपनी किस्मत आजमा रहे केंद्रीय मंत्री बाबुल सुप्रियो ने कहा कि ममता बनर्जी के कटु और सांप्रदायिक बयानबाजी के मद्देनजर चुनाव आयोग को उनके प्रचार अभियान पर रोक लगा देना चाहिए। सुप्रियो ने कहा कि बंगाल की राजनीति में इस स्तर की बयानबाजी कभी नहीं हुई।
बंगाल की राजनीति में भाजपा की ओर से सबसे चर्चित चेहरा और आसनसोल से सांसद सुप्रियो का राजनीतिक कद घटाए जाने के विपक्ष के दावों को खारिज करते हुए उन्होंने कहा कि यह खुद चुनाव लड़ना चाहते थे।
भाजपा नेता ने कहा, मुख्यमंत्री होते हुए जिस तरह की बयानबाजी ममता बनर्जी कर रही हैं, वह शर्मनाक है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) पर राजनीतिक विपक्ष को दुश्मन में तब्दील करने का आरोप लगाते हुए सुप्रियो ने सभी से व्यक्तिगत हमलों से दूर रहने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि राजनीति में हमें विचारधारा और नीतियों पर संघर्ष करना चाहिए।
सीएम की कुर्सी नहीं, टीएमसी को हराना लक्ष्य
भाजपा नेता ने कहा कि हमारी लोकतांत्रिक पार्टी है और हम एक टीम की तरह हैं। हमारे लिए लक्ष्य टीएमसी को हराना है। मुख्यमंत्री कौन होगा, यह फैसला पार्टी को करना है। उन्होंने तृणमूल कांग्रेस पर बाहरी, भीतरी का मुद्दा उठाकर बांटने की राजनीति करने का आरोप लगाया।
गौरतलब है, बाबुल सुप्रियो आसनसोल से दो बार सांसद रह चुके हैं। इस बार वे टॉलीगंज सीट से तीन बार विधायक रह चुके तृणमूल के दिग्गज नेता अरूप विश्वास को चुनौती दे रहे हैं। टॉलीगंज में 10 अप्रैल को मतदान होने हैं।