पश्चिम बंगाल में कल यानी 1 अप्रैल को दूसरे चरण का मतदान है। गुरुवार को नंदीग्राम समेत 30 सीटों पर वोटिंग होगी। इससे पहले मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आरोप लगाया है कि नंदीग्राम समेत राज्य के कई इलाकों से हिंसा और अशांति की खबरें आ रही हैं। प्रशासन की जिम्मेदारी बनती है कि वह निष्पक्ष चुनाव कराने की कोशिश करें। ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि नंदीग्राम में परेशानी खड़ी करने और मतदाताओं को धमकाने के लिए दूसरे राज्यों से कथित गुंडे आए हैं।
अगले दौर का चुनाव प्रचार करने से पहले संवाददाताओं से बातचीत में ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि पूर्वी मिदनापुर जिले के विधानसभा क्षेत्र के कई गांवों में स्थानीय लोगों को भगाया जा रहा है।
तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष बनर्जी ने आरोप लगाते हुए कहा, ‘दूसरे राज्यों के गुंडे मतदाताओं को धमकाने के लिए नंदीग्राम में दाखिल हो गए हैं। बलरामपुर गांव और अन्य इलाके के ग्रामीणों को भगाया जा रहा है। वे मतदाताओं को धमका रहे हैं।’उन्होंने कहा, 'हम निर्वाचन आयोग से शिकायत कर रहे हैं। निर्वाचन आयोग को इसपर संज्ञान लेना चाहिए और कार्रवाई करनी चाहिए।’
भाजपा नेता जयप्रकाश मजूमदार ने कहा कि निर्वाचन आयोग को इन आरोपों को देखना है लेकिन लगता है कि मुख्यमंत्री को हार का आभास हो गया है, इसलिए पहले ही वह ऐसे दावे कर रही हैं।
नंदीग्राम से चुनाव लड़ रही हैं ममता
बता दें कि हाई प्रोफाइल सीट नंदीग्राम से ममता बनर्जी खुद चुनाव लड़ रही हैं। उनका सामना भाजपा प्रत्याशी सुवेंदु अधिकारी से हैं। मंगलवार को ममता बनर्जी और अमित शाह ने इस क्षेत्र में रोड शो किया था। रोड शो के दौरान ममता बनर्जी के काफिले में कुछ भाजपा कार्यकर्ताओं ने जय श्री राम के नारे लगाए ।
हाईप्रोफाइल सीट बनी नंदीग्राम
दरअसल, पिछले एक दशक से नंदीग्राम से टीएमसी के पूर्व नेता सुवेंदु अधिकारी चुनाव लड़ते आ रहे हैं। ममता को यहां पर कभी भी चुनावी सभा करने की जरूरत नहीं पड़ी। लेकिन इस बार वह भाजपा में शामिल हो गए। ऐसे में ममता बनर्जी के लिए यह सीट काफी हॉट हो गया है। ममता बनर्जी पिछले तीन दिनों से यहीं पर डेरा डाले हुए हैं। सूत्रों की मानें तो ममता बनर्जी केवल 3 से चार घंटे सो पाती हैं। बाकी समय वह क्षेत्र की जनता से मुलाकात कर रही हैं और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय बनाने में जुटी हैं। ममता बनर्जी व्हील चेयर पर बैठकर ही चुनावी कार्यक्रमों को निपटा रही हैं।
30 सीटों पर होगा मतदान
दूसरे चरण में पूर्वी मेदिनीपुर और पश्चिमी मेदिनीपुर की 9-9, बांकुरा की 8 और साउथ 24 परगना की 4 सीटों पर वोट डाले जाएंगे हैं। राज्य में 8 चरणों में मतदान हो रहा है। 294 विधानसभा सीटों वाले राज्य में वोटों की गिनती 2 मई को होगी