पश्चिम बंगाल में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी जीत के लिए पूरा जोर लगा रही है। ममता बनर्जी के गढ़ में बीजेपी कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती है। इसके लिए उसने अपनी नेताओं की पूरी टीम तक लगा दी है। भाजपा शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्री भी जमकर दीदी पर हमला बोल रहे हैं। इसी कड़ी में मध्यप्रदेश के सबसे अनुभवी मुख्यमंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता शिवराज सिंह चौहान ने भी बंगाल की मुख्यमंत्री को घेरने की कोशिश की है।
शिवराज रविवार को कोलकाता के कालीघाट मंदिर पहुंचे और वहां पूजा-अर्चना की, इसके बाद उन्होंने देवी मां से आशीर्वाद लिया। पूजा के बाद उन्होंने ममता सरकार पर जमकर जुबानी हमला किया। उन्होंने कहा, 'पश्चिम बंगाल में परिवर्तन की लहर है। टीएमसी ने किसानों और केंद्र की नीतियों से गरीबों को लाभ नहीं होने दिया। राज्य में हिंसा और भ्रष्टाचार है। पहले, यह कम्युनिस्ट और कांग्रेस ने बंगाल को बर्बाद किया और अब टीएमसी ऐसा कर रही है।
शिवराज ने कहा, 'दो मई को जब चुनाव परिणाम आएंगे तब ममता और उनकी पार्टी यहां से साफ हो जाएगी। यहां उन्होंने एक नया नारा देते हुए कहा, 'दो मई, दीदी गई और भाजपा आई।' उन्होंने एक बार फिर से पार्टी के नारे को दोहराते हुए कहा, 'बंगाल बीजेपी की सरकार पश्चिम बंगाल को 'आमार शोनार बांग्ला' बनाकर रहेगी।'
बता दें कि चुनाव आयोग द्वारा चुनावों की तारीख का एलान होने के बाद सभी राजनीतिक दलों ने अपना चुनाव प्रचार तेज कर दिया है। भाजपा ने बंगाल में 200 सीटें जीतने का दावा किया है तो वहीं टीएमसी भी अपने दावे कर रही है।
गौरतलब है कि राज्य में 27 मार्च से 29 अप्रैल तक आठ चरणों में चुनाव होने हैं। 294 सीटों पर होने वाले चुनाव के परिणाम दो मई को जारी किए जाएंगे।