पश्चिम बंगाल के पूर्व मेदिनीपुर जिले के खेजुरी में कई दुकानों में आग लगाने की घटना पर टीमसी नेता अभिषेक बनर्जी ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। जबकि भाजपा ने आरोपों को खारिज करते हुए शांति बनाए रखने की बात कही। जानिए पूरा मामला...
पश्चिम बंगाल के पूर्व मेदिनीपुर जिले के खेजुरी इलाके में दुकानों में आगजनी की घटना को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। तृणमूल कांग्रेस (TMC) के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने सोमवार को आरोप लगाया कि 'भाजपा समर्थित उपद्रवियों' ने पुलिस के सामने करीब 10 दुकानों में आग लगा दी। वहीं भाजपा ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है।
विज्ञापन
अभिषेक बनर्जी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर आगजनी का एक वीडियो साझा करते हुए दावा किया कि खेजुरी के जोंका ग्राम पंचायत क्षेत्र में रविवार रात यह घटना हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस की मौजूदगी में दुकानों को आग के हवाले किया गया।
पुलिस ने क्या कहा?
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के मुताबिक, रविवार देर रात खेजुरी के भांगनमारी कोलमोर इलाके में पांच दुकानों में आग लगाई गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक सवार कुछ अज्ञात लोग मौके पर पहुंचे और दुकानों में आग लगा दी। घटना की सूचना मिलते ही दमकल की दो गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। इलाके में RAF और केंद्रीय बलों की तैनाती भी की गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
विज्ञापन
अभिषेक बनर्जी ने अमित शाह पर साधा निशाना
टीएमसी नेता अभिषेक बनर्जी ने इस घटना को डबल इंजन डिजास्टर करार दिया। उन्होंने कहा कि राजनीतिक नफरत और डराने-धमकाने की राजनीति के कारण लोगों की रोजी-रोटी राख में बदल गई। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि यह वही राजनीति है, जिसे भाजपा बढ़ावा दे रही है। अभिषेक ने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल में टारगेटेड वायलेंस को खुली छूट दी जा रही है। उन्होंने केंद्रीय बलों की भूमिका पर भी सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि केंद्रीय बल आखिर कहां हैं और क्या उनकी तैनाती सिर्फ भाजपा के राजनीतिक हितों के लिए की जाती है?
BJP ने आरोपों को बताया बेबुनियाद
पूर्व मेदिनीपुर के एक भाजपा नेता ने टीएमसी के आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने की पक्षधर रही है। भाजपा नेता ने दावा किया कि कुछ लोग टीएमसी के उकसावे में आकर भाजपा का नाम इस्तेमाल करते हुए इलाके में अशांति फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
पहले भी लगाया था आरोप
गौरतलब है कि एक दिन पहले भी अभिषेक बनर्जी ने खेेजुरी में 60 दुकानों को आग के हवाले किए जाने का आरोप लगाया था। लगातार सामने आ रही घटनाओं के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के बीच अब सभी की नजर पुलिस जांच और प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई है।