उत्तर प्रदेश स्थित फैजाबाद से गुमनामी बाबा उर्फ भगवान जी जिन्हें नेता जी सुभाष चंद्र बोस भी माना जाता है उनके बक्से से कुछ पुराने सामान मिले हैं। यह जांच फैजाबाद के जिला कोषागार में हो रही है। गुमनामी बाबा के बक्से से दूरबीन जिसे द्वितीय विश्वयुद्ध के समय जर्मन सेना की ओर से जारी किया गया था, ब्रिटेन निर्मित टाईपराइटर और एक पुरानी चीनी मिट्टी के बने चाय का सेट मिला है।
इस संबंध में जिलाधिकारी फैजाबाद योगेश्वर राम मिश्र ने कहा कि 27 बक्सों में रखे गए सभी बरामद होने वाले सामानों की सूची बनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि छोटे से छोटे सामान को भी इस सूची में शामिल किया जाएगा और फोटोग्राफी के साथ-साथ वीडियोग्राफी कराई जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि जब बक्सों से प्राप्त होने वाले सारे सामानों की सूची बन जाएगी तो उसे तकनीकी कमेटी को मुहैया करा दिया जाएगा। जिलाधिकारी मिश्रा ने इस बात का विश्वास भी जताया कि यह काम 31 मार्च 2016 के पहले पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि गुमनामी बाबा के बक्से से प्राप्त की गई संपत्ति को राम कथा संग्रहालय में शिफ्ट कर दिया जाएगा।