गुजरात के कांडला बंदरगाह पर बैलेस्टिक मिसाइल के सामान के बाद अब एक सैटेलाइट फोन मिला है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के भारत दौरे से ठीक पहले इसकी बरामदगी की वजह से प्रशासन में हड़कंप मच गया है।
एक मछुआरे को यह इनमार सैटेलाइट फोन मिला, जिसे उसने कांडला तटीय पुलिस थाने को सौंप दिया। एसपी, पूर्व परिक्षिता राठौड़ ने इस संबंध में जानकारी देते हुए कहा, 'मछुआरे ने यह सैटेलाइट फोन पुलिस को सौंप दिया है। टीम इस बात की जांच कर रही है कि क्या इसका इस्तेमाल किसी आपराधिक गतिविधि के लिए हुआ है या नहीं।'
इससे पहले भारतीय कस्टम अधिकारियों ने पाकिस्तान जा रहे एक जहाज को कब्जे में लिया था। इस पर बैलेस्टिक मिसाइल की लॉन्च करने में इस्तेमाल होने वाला सामान मिला है। हांगकांग के झंडे वाला यह जहाज कराची के पोर्ट कासिम जा रहा था।
एक के बाद एक संदिग्ध वस्तुएं मिलने के बाद चीन और पाकिस्तान की मिलीभगत से किसी साजिश रचे जाने की आशंका जताई जा रही है। इस जहाज को तीन फरवरी को पकड़ा गया और जांच के लिए गुजरात के कांडला बंदरगाह पर रखा गया था। डीआडीओ की टीम इस जहाज की जांच कर चुकी है और इस हफ्ते फिर से जांच करेगी। पता चला था कि यह जहाज चीन के जियांगसू प्रांत से कराची के कासिम बंदरगाह के लिए चला था। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप 24 फरवरी से दो दिन के लिए भारत दौरे पर आ रहे हैं। इस दौरान वह करीब तीन घंटे के कार्यक्रम के लिए अहमदाबाद भी जाएंगे।