दिल्ली रोड पर स्थित एक नामचीन होटल में सोमवार को आधी रात डिनर में बीफ परोसने का आरोप लगाकर दिल्ली के एक कैटरर ने हंगामा किया। होटल में ठहरे कारोबारी ने खाने में बीफ बताकर पहले होटल स्टाफ को जमकर खरी-खोटी सुनाई फिर पुलिस बुला ली।
होटल में गोमांस परोसे जाने का शोर मचा तो बाकी ग्राहक भी कमरों से बाहर आ गए। होटल पहुंची पुलिस ने जांच के लिए मीट के सैंपल ले लिए। कारोबारी की तहरीर पर पुलिस ने होटल मैनेजमेंट के खिलाफ खाने में प्रतिबंधित गोमांस परोसने के आरोप में एफआईआर दर्ज कर ली है।
नई दिल्ली में छतरपुर निवासी कारोबारी राजेश्वर माथुर सोमवार को अपनी पत्नी के साथ दिल्ली रोड स्थित एक नामचीन होटल में पहुंचे और एक रूम बुक कराया। रात में करीब बारह बजे दंपति ने होटल के रूम में ही खाना और ड्रिंक्स का आर्डर दिया। लेकिन खाना आने पर कारोबारी ने खाने में बीफ होने की बात कहकर हंगामा शुरू कर दिया। हंगामा होने पर होटल स्टाफ इकट्ठा हो गया।
कारोबारी ने खाने में प्रतिबंधित गोमांस परोसे जाने की शिकायत 100 नंबर डॉयल करके पुलिस कंट्रोल रूम में कर दी। पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह हंगामे को शांत करके मीट को कब्जे में ले लिया। पूरी रात इसे लेकर होटल और पाकबड़ा थाने में गहमागहमी रही। मामला नामचीन होटल से जुड़ा था लिहाजा पुलिस पहले तो मामले को टालती रही लेकिन बाद में एफआईआर दर्ज कर ली गई।