स्टेशन परिसर से प्लेटफार्म तक पहुंचना अब यात्रियों को आसान हो सकेगा। सामान के साथ सीढ़ियों से चढ़कर प्लेटफार्म तक पहुंचने की मजबूरी नहीं होगी। दरअसल रेलवे ने अब पहले आओ पहले पाओ के आधार पर गोल्फ कार्ट
(बैटरी रिक्शा) की सुविधा सभी को देना शुरू कर दिया है। हालांकि पहले की तरह यह निशुल्क नहीं रहेगा।
रेलवे स्टेशनों पर अब वरिष्ठ नागरिक व दिव्यांगों के लिए ही नहीं बल्कि सभी यात्रियों के लिए बैटरी वाले रिक्शा उपलब्ध कराने की नीति तैयार कर ली है। राजधानी के स्टेशनों पर यह सुविधा शुरू भी की जा चुकी है। हालांकि पहले वरिष्ठ नागरिकों व दिव्यांगों को पहले यह सुविधा मुफ्त में दी जा रही थी, लेकिन अब इसका शुल्क वसूला जाएगा। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर कुल 10 बैटरी ऑपरेटेड रिक्शा की सुविधा यात्रियों को दी गई है।
पढ़ें- अब देहरादून में भी वैध होंगे बैटरी रिक्शा
यहां प्रत्येक यात्री से 24 रुपया वसूला जा रहा है। इसी तरह आनंद विहार रेलवे स्टेशन पर भी तीन बैटरी रिक्शा की उपलब्धता कराई गई है। यहां प्रत्येक यात्री से 50 रुपया वसूला जाएगा। अगर आप पूरा रिक्शा बुक कराते है तो इसके लिए 150 रुपया चुकाना होगा। पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर प्रत्येक व्यक्ति से 35 रुपया वसूला जा रहा है।
जल्द ही एप पर बुक होगा बैटरी रिक्शा
नाबालिग दौड़ा रहे ई रिक्शा
- फोटो : अमर उजाला
सेंटर फॉर रेलवे इंफारमेशन सिस्टम (कृस) यात्रियों की सुविधा के लिए एप विकसित कर रहा है। इस एप पर यात्री चाहे तो पहले से ही बैटरी रिक्शा बुक कर सकेंगे। इस एप पर यह भी जानकारी दी जाएगी कि रिक्शा कहा खड़ी की गई है। एप के माध्यम से ही ई-पेमेंट भी किया जा सकेगा।
इसके लिए यात्रियों को ट्रेन नंबर और पीएनआर नंबर, ट्रेन का समय देना होगा। अगले महीने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर एप शुरू भी कर दिया जाएगा। कृस एकीकृत एप विकसित कर रहा है जो सभी स्टेशनों पर मिलने वाले बैटरी रिक्शा की जानकारी यात्रियों को देगा।
दिल्ली रेल मंडल प्रबंधक आरएन सिंह
वर्ल्ड क्लास सुविधा को ध्यान में रख सभी यात्रियों को यह सुविधा दी जा रही है। दिव्यांगों व वरिष्ठ नागरिकों को बेहतर सुविधा मिल रही है। इसके लिए टेंडर जारी किया गया था। जहां तक शुल्क की बात है तो यात्रियों की संख्या और टेंडर में बोली केतहत फिक्स किया गया है। यात्रियों का फीडबैक भी ठीक मिल रहा है। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हेल्पलाइन नंबर 011-23746155 जारी किया गया आशक्त व्यक्ति इस हेल्प लाइन नंबर पर फोन कर, बैटरी रिक्शा, व्हील चेयर, स्ट्रेचर व फर्स्ट एड की सुविधा ले सकेंगे।