बंगलूरू के राजराजेश्वरी नगर के एक पब में 31 वर्षीय बैंक मैनेजर मेघराज की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। वह दोस्तों संग पब गया था और खाना खाने के बाद वॉशरूम गया, जहां से वापस नहीं लौटा। सीसीटीवी में दिखा कि वह अंदर गया और दरवाजा बंद कर लिया।
कर्नाटक की राजधानी बंगलूरू से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां राजधानी के राजराजेश्वरी नगर इलाके के एक पब में गुरुवार रात एक 31 वर्षीय बैंक मैनेजर की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मृतक की पहचान मेघराज के रूप में हुई है। वह अपनी पत्नी और छह महीने के बच्चे के साथ रहता था।
समझिए पूरा घटनाक्रम?
मामले में पुलिस ने बताया कि मेघराज गुरुवार रात अपने तीन दोस्तों के साथ पब में खाना खाने और ड्रिंक करने गया था। बिल चुकाने के बाद वह वॉशरूम चला गया क्योंकि उसे उल्टी जैसा महसूस हो रहा था। इस दौरान उसके दोस्त बाहर चले गए। जब काफी देर तक वह बाहर नहीं आया तो दोस्तों ने पब के कर्मचारियों को इसकी जानकारी दी। सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर पता चला कि मेघराज वॉशरूम गया था और उसने दरवाजा बंद कर लिया था।
भाई की शिकायत पर मामला दर्ज
कर्मचारियों ने जब दरवाजा तोड़ा तो वह अंदर बेहोश पड़े मिले। मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज किया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की असली वजह सामने आ सकेगी।