भारतीय व्यापारियों के लिए बांग्लादेश सरकार बड़ी खुशखबरी दी है। अधिकारियों ने कहा कि बांग्लादेश ने त्रिपुरा और अन्य पूर्वोत्तर राज्यों में माल परिवहन के लिए चार मार्ग निर्धारित किए हैं। उन्होंने कहा इन मार्गों में चटगांव बंदरगाह-अखौरा-अगरतला, मोंगला बंदरगाह-अखौरा-अगरतला, चटगांव-बीबिरबाजार-श्रीमंतपुर और मोंगला बंदरगाह-बीबिरबाजार-श्रीमंतपुर हैं।
भारत और बांग्लादेश ने एक समझौते पर हस्ताक्षर किए
राज्य के उद्योग और वाणिज्य मंत्री सनताना चकमा ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि भारत और बांग्लादेश ने एक समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। इससे भारतीय व्यापारियों को माल के परिवहन के लिए बांग्लादेश में चटगांव और मोंगला बंदरगाहों का उपयोग करने की अनुमति मिल गई है। बांग्लादेश सरकार ने त्रिपुरा और अन्य पूर्वोत्तर राज्यों से माल के परिवहन के लिए चार मार्गों को अधिसूचित किया है।
इन मार्गों पर माल परिवहन की अच्छी संभावना
उद्योग और वाणिज्य विभाग में निदेशक विश्वश्री बी ने कहा कि इन मार्गों पर माल परिवहन की अच्छी संभावना है। आगे कहा कि त्रिपुरा स्थानीय स्तर पर द्विपक्षीय व्यापार के लिये सीमा पर नौ हाट स्थापित करने की योजना बना रहा है। उन्होंने कहा कि हमने भारत-बांग्लादेश सीमा पर नौ हाट स्थापित करने के लिए केंद्र को पहले ही एक प्रस्ताव भेज दिया है। यह फिलहाल विचाराधीन है।
धलाई जिले के कमालपुर में दो और सीमा हाट पर काम चल रहा
अधिकारियों ने कहा कि वर्तमान में, त्रिपुरा में दो सीमावर्ती हाट सिपाहीजला जिले में कमलासागर और दक्षिण त्रिपुरा जिले में श्रीनगर हैं। उत्तरी त्रिपुरा के धर्मनगर और धलाई जिले के कमालपुर में दो और सीमा हाट पर काम चल रहा है। बी चकमा ने कहा कि एशियाई विकास बैंक पश्चिम त्रिपुरा में बोधजंगनगर औद्योगिक क्षेत्र में बुनियादी ढांचे के निर्माण के लिए 1,200 करोड़ रुपये का निवेश करने को लेकर सैद्धांतिक रूप से सहमत है।