रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने पाकिस्तानी कलाकारों और फिल्मों को भारत में बैन किए जाने के मुद्दे का समर्थन करते हुए कहा कि उनके लिए देश सबसे पहले है, कला और संस्कृति नहीं। अंबानी ने कहा, 'मैं इस मामले में बिल्कुल स्पष्ट हूं- मेरे लिए देश हमेशा सर्वोपरि है। मैं बुद्धिजीवी नहीं हूं इसलिए मैं सभी चीजों को नहीं समझता। बेशक सभी भारतीयों की तरह भारत मेरे लिए सबसे पहले है।
वरिष्ठ पत्रकार शेखर गुप्ता और बरखा दत्त के स्वामित्व वाले डिजिटल मीडिया ऑर्गेनाइजेशन 'द प्रिंट' की तरफ से आयोजित कार्यक्रम 'ऑफ द कफ' में मुकेश अंबानी दर्शकों के सवालों का जवाब दे रहे थे। इसी कार्यक्रम में अंबानी से पाकिस्तानी कलाकारों को बैन करने पर सवाल पूछा गया था। राजनीति में आने के बारे में पूछे जाने पर मुकेश ने कहा, 'मैं इसके लिए नहीं बना हूं।'
बता दें कि पिछले महीने कश्मीर के उड़ी में आर्मी सैन्य कैंप पर पाकिस्तानी आतंकियों के हमले में 19 भारतीय सैनिकों के शहीद हो जाने के बाद से पाकिस्तानी कलाकारों और फिल्मों को बैन करने की मांग की जा रही है। मालूम हो कि मुंबई फिल्म फेस्टिवल के आयोजकों ने भी फेस्टिवल के दौरान दिखाई जाने वाली पाकिस्तानी फिल्मों पर रोक लगा दी है।