गुजरात के वडोदरा में एक घर में बाथरूम से 2 फुट लंबा मगरमच्छ मिलने से हड़कंप मच गया। हालांकि बाद में उसे पकड़ कर विश्वामित्री नदी में छोड़ दिया गया।
कक्षा 11 में पढ़ने वाली निधि पटेल घर में अकेली थी और उसने मगरमच्छ को बाथरूम में घुसते देखा तो तत्काल बाथरूम का दरवाजा बंद कर दिया। इसके बाद बाहर आकर पड़ोसियों से मदद की गुहार लगाई। घर के पास से जाते व्यक्ति ने इस बात की सूचना दमकल विभाग को दी।
जिसके बाद दमकल कर्मी वन विभाग की टीम के साथ मौके पर पहुंच गए और आधे घंटे की मशक्कत के बाद मगरमच्छ को पकड़ लिया। वन विभाग अधिकारी जी चौहान ने बताया कि शनिवार की रात प्रतापगढ़ इलाके में स्थित एक घर के बाथरूम से मगरमच्छ निकल आया। ऐसा माना जा रहा है कि सोसाइटी के पास एक नाला है जिसमें पानी के तेज बहाव के चलते मगरमच्छ सोसायटी में आ गया होगा।