भारत के पुलवामा में 14 फरवरी को हुए आतंकी हमले के 13वें दिन भारतीय वायुसेना ने पाकिस्तान में घुसकर बालाकोट समेत आतंक के तीन बड़े अड्डों को तबाह कर दिया। खुफिया अधिकारियों के मुताबिक भारतीय कार्रवाई में 325 आतंकी और उनके ट्रेनर मारे गए हैं। इन हमलों से बौखलाए पाकिस्तान के विदेश मंत्री ने कहा कि वायुसीमा का उल्लंघन किया गया है और पाकिस्तान को यह अधिकार है कि वह आत्म रक्षा के लिए इसका माकूल दे। जिसके बाद पाकिस्तान सीमा पर सैन्य हलचल तेज हो गई है।
राजस्थान के गंगानगर जिले में सीमा के नजदीक के कुछ गांवों में ही रिहाइश है। एक हजार किलोमीटर से ज्यादा लंबी सीमा पर ज्यादातर क्षेत्र में लोग नहीं रहते हैं। बीकानेर से सटे पाकिस्तानी क्षेत्र में भी सैन्य हलचल बढ़ी है।
भारतीय वायु सेना के हवाई हमले के बाद पाकिस्तान के सिंध इलाके के तीन बड़े एयरबेस से लड़ाकू विमानों की उड़ानें बढ़ गई हैं। इनमें कराची से जेएफ 17 थंडर, शाहबाज से एफ 16 तथा न्यू छोर एयरबेस से एफ 16 जैसे लड़ाकू विमानों की उड़ानें ज्यादा देखी गई हैं।
सीमा के 10 किलोमीटर के अंदर पाकिस्तानी हवाई क्षेत्र में लड़ाकू विमानें उड़ान भर रही हैं। बहावलपुर स्थित पाकिस्तानी सेना की 31 कोर की इन्फैंट्री, मैकेनाइज्ड व आर्म्ड फोर्सेज की आवाजाही बढ़ गई है। हालांकि सीमा पर हालात सामान्य दिनों की तरह ही शांत बने हुए हैं।
पाकिस्तान सेना की 31 कोर के पास राजस्थान और पंजाब का इलाका है। बीकानेर क्षेत्र में बहावलपुर तथा जैसलमेर सीमा के सामने रहिमयार खान में भी सैन्य हलचल बढ़ी है। नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा जा रहा है।
सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) हाई अलर्ट पर है और सीमा पर गश्त बढ़ा दी गई है।
कच्छ के उस पार पाकिस्तान ने टैंक रेजिमेंट की तैनाती शुरू
भारतीय सीमा पर जासूसी के लिए ड्रोन और यूएवी उड़ाए जा रहे हैं। बीती रात रण ऑफ कच्छ क्षेत्र में भारत ने पाकिस्तान के ड्रोन विमान को मार गिराया था।
कच्छ की वीघाकोट सरहद से आधा किलोमीटर दूर पाकिस्तानी सेना और रेंजर्स की हलचल बढ़ गई है। सीमा पार सेना के जत्थों की भी आवाजाही बढ़ गई है।
खुफिया सूत्रों के मुताबिक कच्छ के उस पार पाकिस्तान ने टैंक रेजिमेंट की तैनाती शुरू कर दी है। सूत्रों का कहना है कि बीते कुछ दिनों से टैंकों का जमावड़ा चल रहा था जिसमें मंगलवार को तेजी देखी गई।