अभिनंदन वर्तमान (फाइल फोटो)
रेडियो संदेश नहीं सुन पाए थे अभिनंदन
27 फरवरी को बालाकोट एयर स्ट्राइक के बाद हुई डॉगफाइट के दौरान विंग कमांडर अभिनंदन का विमान मिग-21 पाकिस्तानी वायुसीमा में इसलिए प्रवेश कर गया था क्योंकि इस दौरान वायुसेना के इंट्रीग्रेटेड एयर कमांड एवं कंट्रोल सिस्टम की तरफ से भेजे जा रहे रेडियो संदेश उन तक नहीं पहुंच पाए थे।
पुलवामा आतंकी हमले के बाद भारतीय वायुसेना ने पाकिस्तान के बालाकोट में घुसकर एयरस्ट्राइक की थी। इसके बाद पाकिस्तान ने बदला लेने की नीयत से भारतीय सीमा में अपने लड़ाकू विमान भेजे थे। हालांकि इस दौरान पाकिस्तानी वायुसेना को भारतीय लड़ाकू विमानों ने खदेड़ दिया था।
जांच में सामने आया है कि इस दौरान विंग कमांडर अभिनंदन को अंबाला में स्थित इंट्रीग्रेटेड कमांड सेंटर से वापस लौटने के लिए 'गो कोल्ड...गो कोल्ड...' यानी 'लौट आओ...लौट आओ' के कई संदेश भेजे गए। इन संदेशों को पाकिस्तानी सेना ने न सिर्फ सुना बल्कि उसे अभिनंदन तक पहुंचने से भी रोक दिया।
इस कारण विंग कमांडर अभिनंदन पाक वायुसेना के एफ-16 विमान का पीछा करते हुए पाकिस्तानी वायुसीमा में प्रवेश कर गए। जहां उनका विमान दुर्घटना का शिकार हो गया और वह पाकिस्तानी सेना के द्वारा पकड़े गए।