माउंट एवरेस्ट फतह करने वाली पहली भारतीय महिला बछेंद्री पाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘नमामि गंगे’ अभियान से प्रेरित होकर नया संकल्प लिया है।
बछेंद्री पाल के नेतृत्व में अक्तूबर में 40 सदस्यीय दल ‘मिशन गंगे’ पर रवाना होगा। इसका मकसद गंगा स्वच्छ रखने के लिए लोगों को जागरूक करना है। यह राफ्टिंग अभियान हरिद्वार से शुरू होकर पटना पर खत्म होगा।
टाटा स्टील एडवेंचर फाउंडेशन की प्रमुख बछेंद्री पाल ने कहा कि पांच अक्तूबर को हरिद्वार से दल रवाना होगा। यहां से बिजनौर, फरूखाबाद, कानपुर, इलाहाबाद, वाराणसी, बक्सर होते हुए 30 अक्तूबर को पटना में यह यात्रा खत्म होगी।
इस दौरान दल करीब 1500 किलोमीटर की दूरी तय करेगा। दल के सदस्य हर पड़ाव पर दो से तीन दिन रुकेंगे और यहां स्थानीय लोगों की मदद से सफाई और जागरूकता अभियान चलाएंगे। इस दौरान गंगा से जो भी कचरा इकट्ठा होगा, उसे स्थानीय निकाय की मदद से निस्तारित किया जाएगा।
दल में शामिल हैं आठ पर्वतारोही : बछेंद्री पाल के अलावा पर्वतारोही आरएस पाल, बिनिता सोरेन, चेतना साहू, पूनम राण, स्वर्णलता दलाई, हेमंत गुप्ता और प्रेमलता अग्रवाल भी इस मिशन का हिस्सा हैं।