योग गुरू बाबा रामदेव एलओसी पर जवानों के साथ की गई पाकिस्तान की शर्मनाक हरकत पर खासे नाराज हैं। उन्होंने कहा कि भारत को इजरायल की नीति अपनाते हुए पाक को जवाब देना चाहिए। बाबा ने कड़ा रुख अपनाया और बोले की अगर पाक हमारे एक जवान का सिर काटता है तो भारत को उनके 100 का सिर धड़ से अलग करना चाहिए।
भारत को पाकिस्तान का क्रूर चेहरा पूरी दुनिया के सामने लाना चाहिए कि उनकी सेना ने किस तरह का रवैया अपनाया है। सेना के जवानों के साथ ये हरकत पूरे भारत पर हमला है। इस बीच बाबा ने मांग की कि दाऊद इब्राहिम, मसूद अजहर और हाफिज सईद जैसे बड़े आतंकियों पर भारत को शिकंजा कसना चाहिए। और कम से कम इनमें से किसी एक का जल्द ही सिर धड़ से अलग किया जाना चाहिए।
ये भी पढ़ें: पाक ने काटे जवानों के सिर, भारतीय सेना को मिला 'फ्री हैंड', तबाह की दुश्मन की कई चौकियां
गो हत्या पर भी बाबा ने अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि गो रक्षा के नाम पर मनमानी नहीं होनी चाहिए, लेकिन गो हत्या करने के खिलाफ ऐसे कानून बने कि वो दोबारा ऐसी गलती न करे। इकोनॉमिक टाइम्स को दिए इंटरव्यू में रामदेव ने शराबबंदी का भी मुद्दा उठाया।
शराबबंदी पर सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद राज्य सरकारों पर बाबा खासे नाराज दिखे। उन्होंने कहा कि शराब का बिजनेस समाज को नुकसान ही पहुंचाता है। बाबा ने कहा कि शराब पीने के बाद एक्सीडेंट्स होते हैं और फिर उन पर खर्चा होता है।