राहुल गांधी के संसद में आंख मारने पर लगातार उनकी खिंचाई हो रही है। लेकिन इसी बीच कांग्रेस नेता राजबब्बर उनके बचाव में सामने आए और कहा कि बाबा रामदेव को मोदी को यह बताना चाहिए कि आंख मारने का मतलब क्या होता है। उन्होंने कहा कि नफरत की राजनीति करने वाले अब गले लगाने का मतलब खोज रहे हैं। उन्हें कभी हिंदुओं की दीवाली या मुस्लिमों के ईद पर उनके घर जाना चाहिए जिससे उन्हें यह बात पता चल सके कि भारतीय समाज में गले लगाने का मतलब क्या होता है।
राजबब्बर युवा कांग्रेस के द्वारा बुलाये गए संसद घेराव के कार्यक्रम में बोल रहे थे।
सिर्फ बड़े लोगों को गले लगाते हैं मोदी
उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजबब्बर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी केवल अमीरों को गले लगाते हैं। वे कभी छोटे लोगों को गले नहीं लगते हैं। उन्होंने कहा कि हालांकि वे उन छोटे राष्ट्रों के नेताओं को गले जरूर लगा लेते हैं जिससे उन देशों में उनके प्रिय मेहुल चौकसी जैसे लोगों को नागरिकता मिल सके।
राफेल सौदे पर कसा तंज
प्रसिद्ध अभिनेता रहे राजबब्बर ने कहा कि किसी भी तरह का बड़ा ठेका देने के पहले कम्पनियों के अनुभव को परखा जाता है। लेकिन सिर्फ मोदी सरकार ऐसी है जिसने विमान बनाने का सौदा उस कम्पनी को दे दिया जिसे साइकिल बनाने तक का अनुभव नहीं है।