नगर विकास मंत्री मोहम्मद आजम ख़ां ने बिजनौर के पैदा गांव में हुई हिंसा में चार लोगों की हत्या पर दुख प्रकट करने के साथ ही कड़े शब्दों में घटना की निंदा की है। कहा है कि भाजपा पश्चिमी उत्तर प्रदेश में दहशत फैला रही है और एक समुदाय को आगामी चुनाव में मतदान से रोकने के लिए अभी से कोशिश कर रही है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
मीडिया प्रभारी फसाहत अली खां उर्फ शानू की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि कैबिनेट मंत्री आजम खां ने कहा कि इस तरह की घटनाओं को अंजाम देने वाले नफ़रत के क़ाबिल हैं। ऐसे लोगों का सामाजिक बहिष्कार करना चाहिए। कमजोर और मजलूमों पर जुल्म करने वाले मानव कहलाने के हक़दार नहीं हैं।
ये लोग इंसान के भेष में छुपे हैवान हैं। कमजोरों को मारना कोई बहादुरी नहीं है। आजम खान ने आगे कहा की मैं कमजोरों और मजलूमों से वादा करता हूँ कि उनके साथ इंसाफ होगा। दोषियों को बख़्शा नहीं जाएगा और उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दिलवाई जाएगी।