भारत को सेमीफाइनल में जगह दिलाने वाले विराट कोहली इन दिनों पुराने क्रिकेटरों के चहेते बन गए हैं। इंडिया टीम के पूर्व कप्तान अजहरुद्दीन ने उन्हें संकटमोचक बताते हुए बल्लेबाजी की खूब तारीफ की है। अजहर का कहना है कि मैने किसी मैच में उन्हें दबाव में नहीं देखा। कप्तान धोनी भी रन बरसाऊ पारी खेल रहे हैं। अगर दोनों की यही लय रही तो टी-20 विश्वकप भारत ही फतह करेगा।
धोनी और कोहली खेलते हैं जिताऊ पारी
मुरादाबाद से कांग्रेस के सांसद रहे पूर्व कप्तान अजहरुद्दीन ने अमर उजाला से फोन पर हुई बातचीत में बताया कि टीम में थोड़ी बहुत कमियां हमेशा रहती हैं। क्योंकि सारे खिलाड़ी तो परफेक्ट नहीं हो सकते हैं। अगर पूर्व के सभी कप्तानों की टीम को देख लिया जाए तो धोनी की तरह जिताऊ पारी खेलने वाले कुछ ही रहे हैं।
उनकी वजह से टीम का मनोबल भी ऊंचा रहता है। विराट कोहली का गेम ऐसा ही है जब-जब टीम को रनों की जरूरत हुई है तब-तब उनका बल्ला चलता है। टीम इंडिया को वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में पहुंचाने में भी विराट का प्रमुख रोल रहा है। पूर्व कप्तान का कहना है कि सेमीफाइनल में धौनी और कोहली को इसी रफ्तार के साथ खेलना होगा।