सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि रामलला और जन्मस्थान का अलग और अपना कानूनी व्यक्तित्व है। कोर्ट ने हाईकोर्ट के जस्टिस सुधीर अग्रवाल के निर्णय में दिए गए निष्कर्षों पर भी सहमति जताई और कहा कि रामलला में हिंदुओं के ऐतिहासिक आस्था और विश्वास बने रहे, वे प्रार्थना करते रहे, भले ही मस्जिद बना दी गई।
दो घंटे पहले लग गई थीं कोर्ट के बाहर लाइनें
रेलवे स्टेशन की टिकट खिड़की सरीखी दो घंटे लंबी कतारें, उनमें लगे लोगों का सेल्फी लेकर किया जा रहा टाइमपास और दरवाजा खुलते ही भारतीय रेल के जनरल कोच में सीट कब्जाने जैसी आपाधापी। चीफ जस्टिस कोर्ट के बाहर ऐसा अभूतपूर्व माहौल सुप्रीम कोर्ट के इतिहास में महज उंगलियों पर गिनने लायक मौकों पर ही देखने को मिला है, लेकिन शनिवार को अयोध्या मसले पर ऐतिहासिक फैसले का गवाह बनने की बेताबी ने पिछले सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए।
शीर्ष अदालत की कोर्ट नंबर-1 में चीफ जस्टिस रंजन गोगोई की अध्यक्षता वाली पांच सदस्यीय सांविधानिक पीठ को अयोध्या मसले का फैसला करीब 10.30 बजे सुनाना था, लेकिन इस राजनीतिक व धार्मिक संवेदनशीलता वाले मसले का फैसला सुनने के लिए कोर्ट नंबर-1 के तीनों दरवाजों के बाहर सुबह तकरीबन आठ बजे से ही वकीलों, पत्रकारों और अन्य मामलों के वादियों का भारी संख्या में जमावड़ा दिखाई देने लगा।
करीब 10.15 बजे जब दरवाजे खोले गए तो हालात बेकाबू होते दिखाई दिए। हर कोई अंदर घुसने के लिए बेताब था, लेकिन कतार में लगने का सब्र कोई नहीं दिखा रहा था। नतीजतन अदालत के अंदर मछली बाजार जैसे शोरगुल वाले हालात दिखाई दिए। करीब 14 मिनट बाद यानी 10.29 बजे जब पांचों जज अदालत में अपने डायस पर पहुंचे तो माहौल पूरी तरह अराजक हो चुका था। अंत में चीफ जस्टिस गोगोई के सभी को तत्काल शांत होने का आदेश देने के बाद ही स्थिति में सुधार दिखाई दिया और थोड़ी ही देर में अदालत के अंदर सुई गिरने की भी आवाज गूंजने लायक खामोशी छा चुकी थी।
1045 पेज का फैसला पढ़कर सुनाने से पहले पांचों जजों ने उस पर हस्ताक्षर किए। सबसे पहले चीफ जस्टिस रंजन गोगोई, फिर जस्टिस एसए बोबडे, जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़, जस्टिस अशोक भूषण और जस्टिस एसए नजीर ने हस्ताक्षर किए। चीफ जस्टिस ने उपस्थित लोगों से कहा कि यह एक सर्वसम्मत फैसला है और इसे पढ़ने में करीब ‘आधा घंटा’ लगेगा।
जजों के जाते ही लगे जय श्रीराम के नारे
फैसला सुनाकर पांचों जज जैसे ही कोर्ट रूम से बाहर निकले तो अंदर का माहौल फिर से पहले की तरह भारी शोरगुल वाला हो गया। कुछ वकील और वादी कोर्ट रूम से निकले और ‘जय श्रीराम’ समेत कई नारे लगाने लगे। कुछ वकील फैसले की समीक्षा करने लगे, जबकि अन्य लोग दूसरों को सूचना देने में जुट गए।
विभिन्न पक्षों के वकीलों ने लिया ग्रुप फोटो
इस मुकदमे में विभिन्न पक्षों की तरफ से जिरह कर रहे वकीलों ने इसकी ऐतिहासिक स्थिति को समझते हुए कोर्ट नंबर-1 के ठीक बाहर अपने ग्रुप फोटो भी खिंचवाए।