महाराष्ट्र के दूसरे बड़े शहर पुणे के रेलवे स्टेशन से ऑटो वालों की दबंगई सामने आई है। यहां कम दूरी वाले मुसाफिरों को ऑटो मिलता ही नहीं है और जिन्हें दूर जाना होता है उन्हें स्टेशन के बाहर जमकर बैठे हुए ऑटो ड्राइवरों की मर्जी से चलना पड़ता है।
चौंका देने वाली बात है कि अगर कोई यात्री ऑटो में जाने से मना कर देता है तो ऑटो वाले कथित तौर पर उनसे बदतमीजी करते हैं। इतना ही नहीं वे उनका पीछा भी करते हैं। इंडियन एक्सप्रेस की खबर के मुताबिक एक महिला ने बताया कि उसने जब पास जाने के लिए ऑटो वाले को कहा तो उसने मना ही नहीं किया ब्लकि बदतमीजी से भी बात की।
रवि भटमब्रेकर ने अपने साथ हुई घटना बताई। उसने बताया कि वो गुंडों की तरह यात्रियों से बात करते हैं और मर्जी से किराया वसूलते हैं। रवि ने कहा कि अगर कैब सर्विस के लिए एप यूज करते हैं तो इसका भी कोई फायदा नहीं होता। ऑटो ड्राइवर किसी कैब वाले को स्टेशन के आस-पास भी नहीं आने देते।
एक बुजुर्ग ऑटो चालक ने बताया कि लाइन में खड़े ये दबंग ऑटो वालों के संपर्क यहां के स्थानिय नेताओं से हैं और इन्हें पुलिस भी कुछ नहीं कहती है। पुणे रेल प्रशासन ने माना है कि ये परेशानी हमेशा रहती है, लेकिन इनके खिलाफ गंभीर कदम उठाना मुश्किल है। एक रेल अधिकारी ने बताया कि जो भी यात्री यहां से ऑटो वालों की बदतमीजी झेलता है, वो जल्दी में होने के चलते उनके खिलाफ शिकायत नहीं करता।