दक्षिण भारतीय फिल्मों के सुपरस्टार रजनीकांत के रानजीति में आने की अटकलों को दौर जारी है। अब खबर है कि रजनीकांत ने तमिलनाडु में अपने संगठन को खड़ा करने के लिए राजनीतिक योजनाओं पर काम शुरू कर दिया है।
इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक, राजनीति में जबरदस्त एंट्री के लिए बंगलूरू की एक एजेंसी रजनीकांत के राजनीतिक संगठन को तैयार करने में मदद कर रही है। माना जा रहा है कि यह एजेंसी तमिलनाडु के वोटिंग पैटर्न सहित मतदाताओं से जुड़े अपील करने वाले एजेंडा का अध्ययन कर रही है।
गौरतलब है कि पिछले हफ्ते अपने शुभचिंतकों और दोस्तों के साथ हुई एक बैठक में रजनीकांत ने संकेत दिया कि था वे अपना एक संगठन का शुरु कर सकते हैं। कहा जा रहा है कि तमिलनाडु में अपना जनाधार बढ़ाने के लिए भाजपा रजनीकांत को संगठ में शामिल करने की कोशिश कर रही है।
हाल ही में खबर आई थी कि भाजपा ने रजनीकांत की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के लिए उन्हें दिल्ली में आमंत्रित किया है। रजनीकांत के करीबी सहयोगियों ने कहा है कि भाजपा ने सुपरस्टार को अपनी पार्टी की शुरू करने के लिए भी उन्हें मदद देने की पेशकश की है।
उन्होंने यह भी कहा कि रजनीकांत और उनके सलाहकार अन्य दलों से प्रमुख राजनीतिक चेहरों को अपने संगठन में शामिल करने पर भी गौर कर रहे हैं।कथित तौर पर माना जा रहा है कि रजनीकांत एआईएडीएमके के पूर्व स्कूल शिक्षा मंत्री मा फोई पंडीराजन को अपने संगठन में शामिल करने पर विचार कर रहे हैं। पंडीराजन फरवरी 2017 में वी के शशिकला के खिलाफ बगावत कर ओ पन्नीरसेल्वम धड़े में आ गए थे। अब पंडीराजन के पन्नीरसेल्वम धड़े के साथ भी तनावपूर्ण संबंध हैं।