पूर्वी मिदनापुर जिले में सोमवार को भाजपा की पश्चिम बंगाल इकाई के अध्यक्ष दिलीप घोष की कार पर हमला हुआ। वह आज सुबह एक बैठक में हिस्सा लेने के लिए 10-12 कारों के काफिले के साथ जिले में पहुंचे थे। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी। घोष ने दावा किया कि पूर्वी मिदनापुर के कोंटई में हमला तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं की ‘‘करतूत’’ है। हालांकि, तृणमूल कांग्रेस ने इस आरोप को नकारा।
बहरहाल, पुलिस अधिकारी ने कहा कि यह पता लगाया जा रहा है कि हमले के पीछे किन उपद्रवियों का हाथ है। अधिकारी ने कहा, ‘‘कोंटई सेंट्रल बस स्टैंड के पास पार्टी के एक बैठक स्थल में प्रवेश के वक्त घोष को काले झंडे दिखाए गए, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच झड़प हो गई। उपद्रवियों ने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष की कार की खिड़कियों के शीशे भी तोड़ दिए।’’
बहरहाल, अधिकारी ने स्पष्ट किया कि हालात काबू में है और घोष की बैठक तय कार्यक्रम के अनुसार हो रही है। अधिकारी ने कहा, ‘‘पुलिसकर्मियों को बड़ी संख्या में इलाके में तैनात किया गया है और हम हालात पर नजर रख रहे हैं। उप्रदवियों की पहचान करने की कोशिश हो रही है।’’