भाजपा नेताओं ने टीएमसी सरकार को घेरा
- फोटो : ANI
पश्चिम बंगाल के हुगली में भाजपा सांसद लॉकेट चटर्जी के वाहन पर हुए हमले के बाद पार्टी के नेताओं ने प्रतिक्रिया दी है। लॉकेट चटर्जी ने हमले के लिए तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) को जिम्मेदार ठहराया है। इस हमले को लेकर भाजपा ने राज्य सरकार को घेरा और पार्टी के नेताओं ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर जमकर निशाना साधा है। भाजपा ने आरोपियों को सजा दिलाने की भी मांग की है।
भाजपा ने टीएमसी सरकार को घेरा
भाजपा नेता अग्निमित्रा पाल ने कहा, "ममता बनर्जी क्या सोचती है? हमारे नेताओं पर हमले करवाकर, लोगों को डरा धमका कर और हमारे पार्टी के कार्यकर्ताओं पर केस डालकर वह चुनाव जीत जाएगी? जब लेफ्ट की सरकार थी, तब उन्हें भी लगता था कि उन्हें कोई भी सत्ता से नहीं हटा सकता। लेकिन बंगाल की जनता किसी को भी कभी भी सत्ता से हटा सकती है। आपको सत्ता से हटाने के लिए हमें ज्यादा समय नहीं लगेगा।"
लॉकेट चटर्जी पर हुए हमले की निंदा करते हुए भाजपा नेता राहुल सिंहा ने कहा, "हम इस हमले की निंदा करते हैं और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। मैं चुनाव आयोग से अनुरोध करता हूं कि व्यवस्थाएं सख्त करें।"
भाजपा ने की एनआईए टीम पर हमले की निंदा
बता दें कि शनिवार को पूर्व मेदिनीपुर के भूपतिनगर में केंद्रीय एजेंसी एनआईए की टीम पर हमला किया गया। संदेशखाली में प्रवर्तन निदेशालाय (ईडी) के अधिकारियों पर हमले के बाद अब एनआईए के अधिकारियों पर किए गए हमले को लेकर राज्य सरकार फिर से एकबार विपक्षियों के निशाने पर आ गई। भाजपा नेता राहुल सिंहा ने बताया कि एनआईए पर हुए हमले का ममता बनर्जी समर्थन कर रही है।
मीडिया से बात करते हुए राहुल सिंहा ने कहा, "संदेशखाली की तरह एनआईए अधिकारियों पर जो हमला हुआ है, उसका ममता बनर्जी समर्थन करती है। वह हमलावरों के समर्थन में खड़ी है। टीएमसी ने पहले मदद की और फिर बाद में कदम पीछे खींच लिए। जहां सीएम हमलावरों का समर्थन करेगी, वहां हमले तो स्वाभाविक है।"