पाकिस्तान में बीबीसी के संवाददाता इलियास खान ने बताया है कि बालाकोट मानशेरा जिले का हिस्सा है। भारतीय विमानों ने जिस जगह बम गिराए हैं उसका नाम जाबा टॉप है, जो एक पहाड़ी चोटी है। हिजबुल मुजाहिदीन जाबा में ट्रेनिंग कैंप चलाता रहा है।
पाकिस्तान ने इस इलाके की फौरन घेराबंदी कर दी है, जाबा, गढ़ी हबीबुल्लाह और बालाकोट इलाकों के लोगों ने बीबीसी उर्दू के पत्रकार जूबैर खान को बताया कि सुबह के तीन से चार बजे के बीच उन्होंने जोरदार धमाकों की आवाजे सुनीं। मारे जाने वाले लोगों की तादाद के बारे में अभी तक कोई जानकारी सामने नहीं आई है।
बालाकोट के आसपास के पुलिस अधिकारियों ने अपना नाम न छापने की शर्त पर कहा कि उन्होंने धमाके की जगह पर जाने की कोशिश की लेकिन सुरक्षा बलों ने उस इलाके को अपनी निगरानी में ले लिया है।