गुजरात के कच्छ में पाकिस्तान के लिए जासूसी करने वाले दो संदिग्धों को एटीएस ने गिरफ्तार किया है। इस गिरफ्तारी के बाद इस मामले में एक और खुलासा हुआ है। सूत्रों के अनुसार पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई ने इन लोगों को फंसाने के लिए हनीट्रेप बिछाया था।
दोनों को एक पाकिस्तानी महिला का इस्तेमाल कर हनीट्रेप में फंसाया गया था। इसके बाद दोनों पाकिस्तान के लिए जासूसी करने लगे। एक अधिकारी ने बताया कि एटीएस को कच्छ के खावड़ा गांव के दो निवासियों पर पाकिस्तान के आईएसआई के जासूस के तौर पर काम करने का शक था और उनपर पिछले एक साल से नजर रखी जा रही थी।
साथ ही अधिकारी ने बताया कि हमें सूचना मिली है कि उनके घरों की तलाशी के दौरान एटीएस ने उनके पास से एक पाकिस्तानी सिम और मोबाइल बरामद किया है। गौरतलब है कि पाकिस्तान के आईएसआई द्वारा हनीट्रेप बिछाकर जासूसी करवाने का ये कोई नया मामला नहीं है।
पहले भी भारतीयों को इस जाल में फंसाकर सूचनाएं इकट्ठा की जा चुकीं हैं। भारतीय सेना ने अपने जवानों को पहले ही सोशल मीडिया के इस्तेमाल के दौरान सावधानी बरतने को कहा है।