इंडियन मुजाहिदीन के आतंकी को एटीएस ने पकड़ा
मुंबई के आतंकवाद निरोधक दस्ते ने मंगलवार को इंडियन मुजाहिदीन के एक आतंकी जैन उल अबेदिन को मुंबई हवाई अड्डे से पकड़ लिया है। नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (एनआईए) को काफी समय से जैन उल अबेदिन की तलाश थी। 13 जुलाई 2011 को हुए मुंबई धमाकों में भी जैन उल अबेदिन की भूमिका थी।
इस आतंकी के पकड़े जाने से मुंबई धमाके के केस को काफी मजबूती मिली है। इस धमाके को लेकर आखिरी गिरफ्तारी जुलाई 2014 में अब्दुल मतीन फक्की की हुई थी। अब आशा की जा रही है कि मुंबई धमाके के इस केस में नए खुलासे हो सकेंगे।
आपको बता दें कि 2011 में 13 जुलाई को शाम 6.54 बजे और 7.06 बजे मुंबई धमाकों से गूंज गया था। यह धमाके जवेरी बाजार के ओपरा हाउस और दादर पश्चिम में हुए थे। इन धमाकों में करीब 26 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि लगभग 130 लोग बुरी तरह से जख्मी हो गए थे।