आंध्र प्रदेश, गुजरात, पूर्वी महाराष्ट्र, तेलंगाना, बिहार, कर्नाटक, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के कुछ इलाकों के एटीएम में करेंसी नोटों की किल्लत हो गई है। इनमें कर्नाटक में अगले ही महीने विधानसभा चुनाव होने हैं। मंगलवार को वित्त मंत्रालय ने नकदी की कमी, देश के कुछ राज्यों के एटीएम में नकदी नहीं होने और कुछ के चालू हालत में नहीं होने की बात तो स्वीकार की लेकिन यह भी कह दिया कि पिछले तीन महीने में बढ़ी करेंसी की असामान्य मांग की वजह से नकदी की कमी हुई है।
वित्त मंत्री अरुण जेटली ने बताया कि इस अस्थायी समस्या से तेजी से निपटा जा रहा है। इस समय पर्याप्त करेंसी चलन में है। अमर उजाला ने 11 अप्रैल के अंक में ‘करेंसी नोटों की फिर से किल्लत’ शीर्षक से खबर छापकर यह समस्या उजागर कर दी थी।
अप्रैल में बढ़ाई 45 हजार करोड़ की नकदी आपूर्ति
वित्त मंत्रालय ने कहा कि आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक, मध्य प्रदेश और बिहार के कुछ इलाकों में अचानक बढ़ी मांग को पूरा करने के लिए अप्रैल के पहले 13 दिन में 45 हजार करोड़ की नकदी आपूर्ति बढ़ाई गई है। सरकार ने भारतीय रिजर्व बैंक के साथ ही अन्य बैंकों से मांग के मुताबिक करेंसी की उपलब्धता सुनिश्चित कराने को कहा है।
करेंसी की कमी से निपटेंगी समितियां
वित्त राज्यमंत्री शिव प्रताप शुक्ला ने बताया कि केंद्र ने करेंसी की कमी से निपटने के लिए राज्यस्तरीय समितियों का गठन कर दिया है। इस परेशानी से दो से तीन दिन में निपट लिया जाएगा। आरबीआई ने भी एक से दूसरे राज्य में करेंसी स्थानांतरण के लिए समितियों का गठन किया है।
नोटबंदी से पहले के स्तर पर पहुंचा नकदी चलन
आरबीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, इस समय देश में करेंसी नोटों का चलन नोटबंदी से पहले के स्तर पर पहुंच गया है, जो करीब 17 लाख करोड़ रुपये था। वित्त मंत्रालय ने कहा है, ‘अभी भी हमारे पास 500, 200 और 100 के पर्याप्त करेंसी नोट उपलब्ध हैं। हम भरोसा दिलाते हैं कि अगर मांग और बढ़ेगी तो भी करेंसी नोटों की किल्लत नहीं होने दी जाएगी। एटीएम में नोटों की उपलब्धता सुनिश्चित कराने और बंद एटीएम जल्द दुरुस्त कराने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं।’
500 के पांच गुना नोट छापेगी सरकार
एटीएम में नकदी की समस्या से निपटने के लिए सरकार 500 के नोटों की पांच गुना छपाई करेगी। आर्थिक मामलों के विभाग के सचिव एससी गर्ग ने बताया कि 500 के करीब 500 करोड़ मूल्य के नोट रोज छापे जाते हैं। अगले कुछ दिन में रोज 2,500 करोड़ मूल्य के नोटों की छपाई के लिए कदम उठाए गए हैं। एक महीने में 70-75 हजार करोड़ रुपये के नोट प्रतिदिन छापने की व्यवस्था हो जाएगी।
इसलिए हुई किल्लत
त्योहारी सीजन के चलते मांग बढ़ी, जबकि आपूर्ति कम
कर्नाटक में चुनाव से पहले नकदी की मांग बढ़ी
लोग नए नोट संभाल कर रख रहे हैं
फसल के समय किसान भी नकदी पास रख रहा है
मोदी सरकार ने बैंकिंग सिस्टम बर्बाद किया : राहुल
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने बैंक प्रणाली को बर्बाद कर दिया है। नीरव मोदी 30 हजार करोड़ लेकर भाग गया। पीएम मोदी ने जनता की जेब से 500 और 1000 का करेंसी नोट निकालकर नीरव मोदी की जेब में डाल दिया। राहुल ने कहा कि पीएम के पास पूरा देश घूमने का समय है, लेकिन वे लोकसभा के लिए 15 मिनट नहीं निकाल पाए। वे 15 मिनट दे दें, लोकसभा में हमारे सवालों के सामने खड़े नहीं हो पाएंगे।