पूर्व प्रधानमंत्री और युग पुरुष अटल बिहारी वाजपेयी कल चिर निद्रा में सो गए। देश में सात दिनों का राजकीय शोक घोषित किया गया है। वहीं सर्वोच्च न्यायालय और रजिस्ट्री ऑफिस ने भी आधे दिन के अवकाश की घोषणा कर दी है। सुप्रीम कोर्ट आज दोपहर एक बजे तक ही काम-काज के लिए खुलेगा।
पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का गुरुवार (16 अगस्त) को दिल्ली के ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस (एम्स) में शाम 5 बजकर 5 मिनट पर निधन हो गया। अटल बिहारी वाजपेयी का पार्थिव शरीर दिल्ली के 6-A कृष्ण मेनन मार्ग स्थित उनके आवास पर रखा गया है। जहां से अब से कुछ ही देर में पार्थिव शरीर भाजपा मुख्यालय में अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा और दोपहर एक बजे स्मृतिशेष वाजपेयी की अंतिम यात्रा निकाली जाएगी।
राज्यों ने भी बंद का किया एलान
वाजपेयी जी के निधन पर आज दिल्ली समेत यूपी, पंजाब, बिहार, झारखंड के सभी सरकारी कार्यालय और स्कूल बंद रहेंगे। दिल्ली सरकार ने आज सभी सरकारी स्कूल और दफ्तरों के बंद रहने का ऐलान किया है। वहीं झारखंड में 7 दिन के राजकीय शोक के साथ एक दिन की छुट्टी घोषित की गई है जबकि पंजाब सरकार ने आज सभी शैक्षणिक संस्थानों और स्कूलों को बंद रखने का एलान किया है साथ ही तीन दिन का राजकीय शोक भी रखा है।
बिहार सरकार ने भी आज छुट्टी का एलान करते हुए सात दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है। यूपी में आज सभी सरकारी स्कूल और दफ्तर, मध्य प्रदेश में 7 दिन का राजकीय शोक और आज छुट्टी का एलान किया गया है। हिमाचल प्रदेश में दो दिन की छुट्टी का एलान किया गया है।