फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Telangana: एसएलबीसी सुरंग परियोजना में छत का एक हिस्सा ढहा, आठ श्रमिक फंसे, पीएम मोदी ने सीएम को किया फोन

Sat, 22 Feb 2025 09:56 PM IST
अभिषेक दीक्षित पीटीआई, हैदराबाद

सार

सुरंग के अंदर फंसे श्रमिकों को निकालने के लिए बचाव अभियान तेज कर दिया गया। यहां ड्रोन तैनात किए गए हैं। दुर्घटना स्थल पर काफी गंदगी जमा है, इसलिए बचाव दल आगे बढ़ने और किसी भी संभावित खतरे की पहचान करने के लिए ड्रोन का इस्तेमाल कर रहे हैं। बचाव अभियान पूरी रात जारी रहेगा।
विज्ञापन
जांच में जुटी पुलिस - फोटो : अमर उजाला डिजिटल
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

तेलंगाना के नागरकुरनूल जिले में शनिवार को श्रीशैलम लेफ्ट बैंक नहर (एसएलबीसी) में निर्माणाधीन सुरंग की छत का एक हिस्सा ढह गया। यहां आठ श्रमिक फंस गए। पुलिस ने बताया कि निर्माण कंपनी की टीम आकलन के लिए अंदर गई है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि कंपनी की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार आठ श्रमिकों के फंसे होने की आशंका है। वहीं घटना की जानकारी मिलने पर पीएम नरेंद्र मोदी ने तेलंगाना के सीएम रेवंत रेड्डी को फोन करके बचाव कार्य की जानकारी ली। पीएम मोदी ने बचाव प्रयासों में सभी मदद और सहायता का आश्वासन दिया।

विज्ञापन


श्रमिक काम के सिलसिले में अंदर गए थे
अधिकारी ने कहा, 'घटना तब हुई, जब कुछ श्रमिक काम के सिलसिले में अंदर गए थे, तभी सुरंग के 12-13 किलोमीटर अंदर एक हिस्से की छत गिर गई।' हालांकि, मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में हताहतों की संख्या नहीं बताई गई। उसमें संकेत दिया गया कि कुछ लोग घायल हुए हैं।  

सीएम ने जताया शोक
मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक और अन्य अधिकारियों को राहत उपाय करने के लिए दुर्घटना स्थल पर पहुंचने का निर्देश दिया है। घटना को लेकर सीएम रेवंत रेड्डी ने शोक व्यक्त किया।  मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार राज्य के सिंचाई मंत्री एन उत्तम कुमार रेड्डी, सिंचाई मामलों के सरकारी सलाहकार आदित्यनाथ दास और अन्य सिंचाई अधिकारी विशेष हेलीकॉप्टर से घटनास्थल के लिए रवाना हुए हैं। तेलंगाना के सिंचाई मंत्री उत्तम कुमार रेड्डी एसएलबीसी सुरंग दुर्घटना स्थल पर पहुंचे और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। 
विज्ञापन


केंद्रीय मंत्री ने दुर्घटना पर चिंता जताई
दुर्घटना पर चिंता जताते हुए केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी ने घटना के कारणों की जानकारी ली और अधिकारियों से फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने को कहा। उनके कार्यालय से जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया कि उन्होंने अधिकारियों से घायलों (यदि कोई हो) को उपचार मुहैया कराने को भी कहा। उन्होंने कहा कि कुछ लोग फंसे हुए हैं। राज्य सरकार उन सभी लोगों को बचाने की कोशिश कर रही है। भारत सरकार की ओर से हम सभी आवश्यक सहायता प्रदान करने के लिए तैयार हैं। एनडीआरएफ की टीमें पहले से ही वहां मौजूद हैं। 



बचाव अभियान शुरू
सुरंग के अंदर फंसे श्रमिकों को निकालने के लिए बचाव अभियान तेज कर दिया गया। यहां ड्रोन तैनात किए गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि सुरंग के 13वें किमी तक रास्ता साफ था, क्योंकि 14वें किमी पर धंसा हुआ था। हालांकि बचाव दल सुरंग की समग्र स्थिति को लेकर आशंकित हैं। बताया जा रहा है कि दुर्घटना स्थल पर काफी गंदगी जमा है, इसलिए बचाव दल आगे बढ़ने और किसी भी संभावित खतरे की पहचान करने के लिए ड्रोन का इस्तेमाल कर रहे हैं। बचाव अभियान पूरी रात जारी रहेगा।

अफसरों ने कहा कि फंसे हुए श्रमिकों की सुरक्षा के लिए सुरंग में ऑक्सीजन की आपूर्ति की जा रही है। टीमें अंदर जाने से झिझक रही हैं क्योंकि अंदर से अभी भी तेज आवाजें आ रही हैं। तेलंगाना के सिंचाई मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड बचाव अभियान में शामिल विशेषज्ञों सहित अन्य विशेषज्ञों से सहायता मांग रही है और भारतीय सेना और एनडीआरएफ से भी मदद का अनुरोध किया है।

तेलंगाना के मंत्री पोन्नम प्रभाकर ने कहा कि घटना के संबंध में जांच और बचाव कार्य जारी है। सरकार इस मामले की गहन जांच करेगी ताकि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों। इस मुद्दे पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। जो लोग अंदर फंसे हैं, हम उन्हें सुरक्षित निकालने के लिए काम कर रहे हैं।

कांग्रेस सांसद डॉ. मल्लू रवि ने कहा कि सुरंग में बहुत बुरी घटना हुई। यहां छत गिर गई। लगभग 60 लोग काम कर रहे थे। आठ को छोड़कर बाकी सभी बिना किसी गंभीर चोट के सुरक्षित बाहर आ गए हैं। एनडीआरएफ हैदराबाद से 145 लोग आए हैं। एसडीआरएफ से 120 लोग आए हैं, वे उन्हें बचाने की पूरी कोशिश कर रहे हैं। सुरंग के अंदर ऑक्सीजन जा रही है। अंदर पानी है, पानी निकालने के लिए 100 एचपी का पंप आ रहा है और एक बड़ा 250 केवी का जनरेटर भी आ रहा है। उनकी जान बचाने के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है।
विज्ञापन


संबंधित वीडियो

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें