लोजपा अध्यक्ष और केंद्रीय खाद्य मंत्री राम विलास पासवान
- फोटो : amar ujala
बिहार में भाजपा को चुनौती देने के लिए महागठबंधन में रालोसपा के शामिल होने के बाद भी अभी सीटों का बंटवारा नहीं हुआ है। सूत्रों की मानें तो महागठबंधन के घटक दल रामविलास पासवान का इंतजार कर रहे हैं ताकि बिहार में एनडीए से लड़ाई को और रोचक बनाया जा सके।
चिराग पासवान के ट्वीट और राजनीतिक मौसम के बदले रुख को कांग्रेस समेत महागठबंधन के अन्य दल भी देख लेना चाहते हैं। कांग्रेस प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल का कहना है कि हमें सीट बंटवारे को लेकर कोई दिक्कत नहीं है। ये एनडीए की तरह खुदगर्जी और कुर्सी के लिए नहीं विचारधारा का मेल है।
राज्य की 40 लोकसभा सीटों में कौन दल कहां से कितनी सीटों पर लड़ेगा अभी तय नहीं है। बीते दो दिनों के घटनाक्रम और संकेत को भांपते हुए महागठबंधन अभी सीट बंटवारे को लेकर जल्दबाजी में नहीं है।
चिराग पासवान के ट्वीट और एनडीए से नाराजगी जाहिर करने सवाल आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि अभी उनसे कोई बात नहीं चल रही है। ऐसा कुछ होगा तो महागठबंधन के सहयोगी मिलजुलकर ही कोई फैसला लेंगे।
नीतीश कुमार के एनडीए छोडने और यूपीए में आने पर उनके स्वागत की बात कहने वाले एक कांग्रेस नेता के बयान पर जब उपेंद्र कुशवाहा से पूछा गया कि ऐसे में आप क्या करेंगे तो कुशवाहा तो कुछ नहीं बोले लेकिन कांग्रेस प्रभारी शक्तिसिंह गोहिल ने कहा कि संभावनाओं के आधार पर सवाल नहीं होते।
कांग्रेस पार्टी भाजपा की तरह सुल्तानी फैसलों से नहीं चलती है। कांग्रेस नेता का बयान निजी हो सकता है पार्टी का नहीं है। गठबंधन के नेताओं के दिल मिले हैं हम मिलकर सही वक्त पर सही फैसला लेंगे। दरअसल प्रेस कांफ्रेस में कुशवाहा के निशाने पर पूरी तरह सीएम नीतीश कुमार ही रहे।