पश्चिम बंगाल की चुनावी जंग जीतने में पुरजोर ताकत झोंकने में लगी भाजपा को अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती का भी सहारा मिल गया। भाजपा में शामिल होने से पहले शनिवार को कैलाश विजयवर्गीय ने उनसे मुलाकात भी की। उन्होंने बताया कि पीएम की रैली में मिथुन दा भी पहुंचेंगे। विजयवर्गीय ने कहा कि रैली में फिल्म अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती भी पहुंचेंगे।
अभिनेता से मुलाकात के बाद भाजपा नेता विजयवर्गीय ने शनिवार देर रात ट्वीट किया। ट्वीट में लिखा, ''अभी देर रात कोलकाता के बेलगाचिया में सिनेमा जगत के माशूर अभिनेता मिथुन दा के साथ लंबी चर्चा हुई। उनकी राष्ट्र भक्ति और गरीबों के प्रति प्रेम की कहानियां सुनकर मन गद-गद हो गया।''
70 वर्षीय मिथुन चक्रवर्ती तृणमूल कांग्रेस से राज्यसभा सांसद रह चुके हैं। बता दें कि पश्चिम बंगाल विधानसभा के चुनाव 27 मार्च से शुरू होकर आठ चरणों में खत्म होंगे। 29 अप्रैल को अंतिम दौर का मतदान होगा। मतों की गिनती 2 मई को होगी।