पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है। राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और मिजोरम में चुनाव की तारीखों की घोषणा हो गई है। इसी के साथ इन राज्यों में चुनावी गहमागहमी का दौर तेज हो गया है। चुनाव तारीखों के एलान के बाद इन राज्यों में बड़े नेताओं के दौरे और रैलियों की संख्या बढ़ गई है। हम आपको बता रहे हैं इन राज्यों में चुनाव से जुड़ी हर छोटी-बड़ी खबरों का अपडेट।
बिलासपुर में प्रधानमंत्री मोदी
छत्तीसगढ़ में आज 18 सीटों पर पहले चरण का मतदान जारी है। इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, दूसरे चरण के तहत आने वाली बिलासपुर सीट के लिए प्रचार करेंगे। मोदी की जनसभा करीब 11.45 बजे होगी। वो विमान से रायपुर पहुंचकर हेलिकॉप्टर से बिलासपुर के लिए रवाना होंगे। लासपुर क्षेत्र में मोदी,करीब 12.30 बजे तक सभा को संबोधित करेंगे। यहां के कार्यक्रम के बाद मोदी वाराणसी के लिए रवाना हो जाएंगे।
भाजपा अध्यक्ष अमित शाह भी दो दिन के दौरे पर छत्तीसगढ़ में मौजूद रहने वाले हैं। शाह आज तीन रैलियां कर रहे हैं। शिवनीनारायण, पाटन और अभनपुर तीनों ही जगह पर कांग्रेस का कब्जा है।
राजस्थान में आज से नामांकन
राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। नामांकन 19 नवंबर तक चलेगा।