असम के कछार जिले के रहने वाले एक व्यक्ति की सोमवार को मिजोरम में हिरासत में मौत हो गई। इस घटना के सामने आने के बाद सीमा तनाव के बीच इन दो उत्तर-पूर्वी राज्यों के बीच तनाव बढ़ गया है। असम के मुख्यमंत्री सरबानंद सोनोवाल ने इस मामले को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र भी लिखा है।
मिजोरम के कोलासिब जिले के पुलिस अधीक्षक वानलालफाका राल्ते ने बताया कि इंतजुल लस्कर (45) को रविवार की शाम हिरासत में लिया गया था, जब उसने एक पैकेज पहुंचाने के लिए राज्य की सीमा पार की थी। वह एक कुख्यात ड्रग पेडलर था। उन्होंने बताया कि बाद में एक स्वास्थ्य केंद्र पर उसकी मौत हो गई।
हालांकि, असम पुलिस के अधिकारियों का कहना है कि इंतजुल एक जंगल के क्षेत्र से लापता हो गया था, जहां वह लकड़ी जमा करने गया था। इस संबंध में ढोलाई पुलिस स्टेशन में एक मामला भी दर्ज किया गया था।
असम पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, आज सुबह, हमें मिजोरम में कोलासिब जिले की पुलिस से जानकारी मिली कि वह उनकी हिरासत में है। लेकिन फिर दोपहर के बाद हमें बताया गया कि उसकी मौत हो गई है।
वहीं, राल्ते ने दावा किया कि इंतजुल मादक पदार्थ पहुंचाने के लिए वायरेंगते गया था, जहां उसे यंग मिजो एसोसिएशन (वाईएमए) के स्वयंसेवकों ने पकड़ लिया था और राज्य आबकारी एवं नारकोटिक्स विभाग के अधिकारियों के हवाले कर दिया था।
उन्होंने कहा कि इंतजुल ने वाईएमए स्वयंसेवकों की पकड़ से भागने की कोशिश की थी, जिसकी वजह से उसकी एड़ी में हल्की चोटें आई थीं। शारीरिक रूप से कमजोर होने की वजह से उसे वायरेंगते सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया था।
मिजोरम के एक अधिकारी ने बताया कि इंतजुल की मौत सोमवार को सुबह 4.20 बजे हुई थी। वहीं, इस मामले को लेकर असम पुलिस के अधिकारियों ने मिजोरम पर सवाल उठाए हैं और आरोप लगाया है कि यह साफ तौर पर हिरासत में मौत का मामला है।