असम सरकार ने राज्य के विभिन्न हिरासत शिविरों में रह रहे कम से कम 23 और रोहिंग्या मुसलमानों को म्यांमार वापस भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इससे पहले बीते सप्ताह सात लोगों को वापस भेजा गया था। सरकारी सूत्रों ने बताया कि अब जिन लोगों को वापस भेजा जाना है वे राज्य के तेजपुर, सिलचर और ग्वालपाड़ा हिरासत शिविरों में रह रहे हैं।
सूत्रों ने बताया कि असम पुलिस ने इन अप्रवासियों की नागरिकता की पुष्टि की प्रक्रिया पूरी कर ली है। इन लोगों ने भी म्यांमार वापस भेजे जाने पर सहमति जता दी है। उधर, म्यांमार सरकार ने भी इनको वापस लेने और इनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने का भरोसा दिया है।
लेकिन अब तक इन लोगों की वापसी की तारीख तय नहीं हुई है। सरकारी सूत्रों के मुताबिक, दोनों देशों की नोडल एजेंसियां एक-दूसरे के संपर्क में हैं और इन 23 लोगों को चरणबद्ध तरीके से वापस भेजा जाएगा।