सुनील अरोड़ा, मुख्य चुनाव आयुक्त, भारत
- फोटो : ANI
कांग्रेस ने असम के अखबारों में भाजपा के समर्थन में छपे विज्ञापनों को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा की भूमिका पर सीधा सवाल उठाया है।
महासचिव रणदीप सुरजेवाला ने सीधे अरोड़ा को संबोधित करते हुए कहा कि जवाब तलबी और कठोर कार्रवाई तो झूठे दावे छपवाने वाले विज्ञापनदाताओं यानी असम व भाजपा के शीर्ष नेताओं पर भी होनी चाहिए। सुरजेवाला ने कहा कि याद दिला दूं शायद सत्तारूढ़ दल के खिलाफ कार्रवाई वाली धाराओं को चुनाव आयोग ने भुला दिया है।
बता दें कि चुनाव आयोग ने खबर के प्रारूप में भाजपा का विज्ञापन छापने के लिए असम के आठ अखबारों को नोटिस जारी किया है। इसमें दावा किया गया था कि भाजपा उन सभी 47 सीटों पर जीत दर्ज करेगी जहां शनिवार को पहले चरण में मतदान हुआ था। यह जानकारी अधिकारियों ने दी थी।
अधिकारियों ने बताया कि कांग्रेस की शिकायत के बाद अखबारों को नोटिस भेजा गया था। इस शिकायत में कांग्रेस ने आरोप लगाया था कि विज्ञापन चुनाव आयोग के निर्देशों, चुनाव आचार संहिता और जनप्रतिनिधि कानून 1951 का उल्लंघन है।