असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा की पत्नी, रिनिकी भुइयां सरमा ने बुधवार को रायजोर दल के प्रमुख और विधायक अखिल गोगोई के खिलाफ आपराधिक मानहानि का मामला दर्ज कराया है। गोगोई ने आरोप लगाया था कि उनकी एक कंपनी ने सिंगापुर में हुए 'नॉर्थ ईस्ट इंडिया फेस्टिवल' में भाग लिया था, जहां गायक जुबीन गर्ग की मौत हुई थी।
रिनिकी भुइयां सरमा ने शिवसागर से विधायक अखिल गोगोई के खिलाफ यह मामला कामरूप के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में दायर किया। उन्होंने कहा कि गोगोई ने यह झूठा और बेबुनियाद आरोप लगाया है कि उनकी कंपनी 'गोल्डन थ्रेड्स ऑफ असम' ने सिंगापुर में आयोजित एक फैशन शो में हिस्सा लिया था, जो कि उसी फेस्टिवल का हिस्सा था।
उनके वकील किशोर दत्ता ने बताया कि अखिल गोगोई के अलावा एक और व्यक्ति के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है, जो एक न्यूज पोर्टल का निदेशक है। वकील दत्ता ने कहा कि रिनिकी भुइयां सरमा और उनकी कंपनी का न तो उस फेस्टिवल से कोई लेना-देना है और न ही आयोजकों से। उन्होंने कहा कि उनकी कंपनी ने उस कार्यक्रम में किसी भी रूप में हिस्सा नहीं लिया था।
अखिल गोगोई ने आरोप लगाया था कि जुबीन गर्ग की मौत के बाद भी रिनिकी सरमा की कंपनी ने फैशन शो में भाग लिया, जबकि उस समय फेस्टिवल को आधिकारिक रूप से रद्द कर दिया गया था। जुबीन गर्ग की मौत 19 सितंबर को सिंगापुर में कथित तौर पर समुद्र में तैरते समय हुई थी।
रिनिकी ने एक्स पर एक पोस्ट में मुकदमे की जानकारी साझा करते हुए लिखा, आज इस कठिन समय में मैं एक ऐसे शख्स (जुबीन गर्ग) का नाम यहां लेना पसंद नहीं करती, जिसकी मैं बहुत प्रशंसा करती थी और जो एक उद्यमी के रूप में मेरे सफर का एक अहम हिस्सा रहा। उन्होंने न्यूज लाइव की स्थापना के शुरुआती दिनों से ही अपने संगीत और समर्थन के लिए जरिए इसकी सफलता में योगदान दिया है, जो आज भी जारी है। उन्होंने आगे लिखा, राजनीतिक खेल में एक महान शख्सियत को इस तरह जोड़ना वास्तव में निराशाजनक है, खासकर जब हम सभी को एक साथ आकर न्याय के लिए लड़ना चाहिए, न कि एक-दूसरे पर कीचड़ उछालना चाहिए।
उन्होंने लिखा, मैं अपनी संस्था पीईईपीएल के माध्यम से अखिल गोगोई की सहायता के लिए सिंगापुर के लिए प्रथम श्रेणी का टिकट, पांच सितारा होटल में ठहराव और सबूत एकत्र करने के लिए आवश्यक सभी लॉजिस्टिक खर्च वहन करने की पेशकश करती हूं। जब वह अपनी जांच पूरी कर लेंगे, तो हम 30 अक्तूबर को पहली सुनवाई के लिए कोर्ट में मिलेंगे। आइए न्याय सुनिश्चित करें। सभी के लिए मुकदमे की जानकारी साझा कर रही हूं।