असम सरकार ने राजनीतिक टिप्पणीकार गर्ग चटर्जी को कथित तौर पर भड़काऊ टिप्पणी करने के आरोप गिरफ्तार करने के आदेश दिए हैं। असम के मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल ने गर्ग चटर्जी को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार कर असम लाने का आदेश शुक्रवार को दिया। चटर्जी को गिरफ्तार कर असम लाने के लिए सीएम सोनोवाल ने पुलिस आयुक्त को शुक्रवार रात को ही रवाना होने को कहा है।
गर्ग चटर्जी ने पहले अहोम राजा स्वर्गदेव सुकफा के विरुद्ध कथित रूप से आपत्तिजनक टिप्पणी की थी जिसके लिए सोनोवाल ने गुवाहाटी पुलिस को आदेश दिया कि तत्काल पश्चिम बंगाल जाकर चटर्जी को गिरफ्तार किया जाए।
सरकार की ओर से जारी एक आधिकारिक में कहा गया कि “मुख्यमंत्री ने आज गुवाहाटी पुलिस आयुक्त को निर्देश दिया कि पश्चिम बंगाल के गर्ग चटर्जी को गिरफ्तार कर असम लाया जाए। गर्ग ने सोशल मीडिया पर स्वर्गदेव चाओलुंग सुकफा और अहोम समुदाय के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी की थी।”
“मुख्यमंत्री के निर्देश पर गुवाहाटी पुलिस आयुक्त ने पुलिस उपायुक्त (अपराध) बरुन पुरकायस्थ के नेतृत्व में तीन सदस्यीय दल को आज रात कोलकाता रवाना होने का आदेश दिया है।” सोनोवाल ने कहा कि सुकफा असमी पहचान के जनक थे और उनके खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मालूम हो कि इस संबंध में पहले ही असम पुलिस की अपराध शाखा में चटर्जी के विरुद्ध मामला दर्ज है। इसके अतिरिक्त भड़काऊ बयान देने के लिए चटर्जी पर चार अन्य मामले दर्ज हैं।