केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को कहा कि असम का नेतृत्व ऐसे लोगों के हाथ में नहीं हो सकता, जो बार-बार पाकिस्तान जाते हैं। उन्होंने इशारों में असम कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई पर यह टिप्पणी की, जिनके पाकिस्तान से कथित संबंधों की बात सामने आई है।
यहां पंचायत प्रतिनिधियों की एक रैली को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि उन्होंने असम विधानसभा चुनावों के लिए बिगुल बजा दिया है। राज्य में मार्च-अप्रैल 2026 में चुनाव होने हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों को असम का नेतृत्व नहीं करना चाहिए, जो घुसपैठियों और अतिक्रमणकारियों से सहानुभूति रखते हैं।
ये भी पढ़ें:
'सत्य और अहिंसा के आगे असत्य और हिंसा टिक ही नहीं सकते', पटना में तोड़फोड़ पर राहुल का बयान
शाह ने कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूरे देश में विकास कार्य किए हैं और असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने उन योजनाओं को हर घर तक पहुंचाया है। इन विकास कार्यों के दम पर भाजपा के नेतृत्व वाला एनडीए अगले साल लगातार तीसरी बार असम में सरकार बनाएगा।
कांग्रेस पर हमला करते हुए उन्होंने कहा कि असम का नेतृत्व उन लोगों के पास नहीं होना चाहिए जो घुसपैठियों का समर्थन करते हैं और अतिक्रमण को बढ़ावा देते हैं।
गौरव गोगोई की तरफ इशारा करते हुए शाह ने कहा, असम का नेतृत्व ऐसे लोग नहीं कर सकते जो बार-बार पाकिस्तान जाते हैं। असम के मुख्यमंत्री और भाजपा ने लोकसभा में कांग्रेस के उपनेता गौरव गोगोई पर उनकी पत्नी के पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई से कथित संबंधों को लेकर हमला बोला है। मुख्यमंत्री सरमा ने दावा किया था कि गोगोई की ब्रिटिश पत्नी एलिजाबेथ कोलबर्न ने भारत और पाकिस्तान के बीच 19 बार यात्रा की है।
ये भी पढ़ें:
तमिलनाडु में भाजपा कार्यकर्ता की हत्या, पुलिस ने कहा- निजी विवाद के कारण हुई घटना; जांच जारी
शाह ने कहा, घुसपैठियों ने हमारी हजारों एकड़ जमीन पर कब्जा कर लिया था। भाजपा सरकार ने सभी जगह से अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया, लेकिन गौरव गोगोई ने इसका विरोध किया। असम सरकार ने 1,29,548 एकड़ जमीन को घुसपैठियों के कब्जे से मुक्त कराया।
गृह मंत्री ने कहा कि भाजपा ने श्रीमंत शंकरदेव और माधवदेव जैसे महापुरुषों के वैष्णव मठों की पवित्रता को बहाल किया है, क्योंकि उनकी जमीनों से भी घुसपैठियों को हटाया गया है। उन्होंने यह भी दावा किया कि असम में भाजपा सरकार ने विशेष अभियान चलाकर उन घुसपैठियों को गिरफ्तार किया, जो हमारी बेटियों से शादी किया करते थे।