Assam: असम के राज्य मंत्रिमंडल ने होजाई जिला मुख्यालय का नाम बदलने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने जानकारी दी कि इसका नया नाम श्रीमंत शंकरदेव नगर होगा, जो इसका पहले भी नाम था।
असम के मंत्रिमंडल ने होजाई जिला मुख्यालय का नाम बदलने की मंजूरी दी है। अब इसे 'शंकरदेव नगर' से बदलकर 'श्रीमंत शंकरदेव नगर' कर दिया गया है। यह फैसला राज्य की सांस्कृति और आध्यात्मिक धरोहर को बढ़ावा देने के लिए लिया गया है, जो 15वीं सदी के संत श्रीमंत शंकरदेव के योगदान को सम्मान देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने मंगलवार को नए नाम की घोषणा की।
विज्ञापन
असम की कला, साहित्य पर श्रीमंत शंकरदेव का प्रभाव
श्रीमंत शंकरदेव का असम की कला, साहित्य और धार्मिक परंपराओं में गहरा प्रभाव रहा है। विभिन्न सामाजिक और सांस्कृतिक संगठनों ने इस कदम की सराहना की है। उन्होंने इसे असम की ऐतिहासिक और आध्यात्मिक पहचान को फिर से स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया है।
करीमगंज जिला और शहर का भी बदला था नाम
असम सरकार ने इससे पहले बराक घाटी के करीमगंज जिले और शहर का नाम बदलने का एलान किया था। अब करीमगंज जिले को 'श्रीभूमि' और करीमगंज शहर को 'श्रीभूमि टाउन' से जाना जाता है। यह बदलाव राज्य की सांस्कृतिक धरोहर और ऐतिहासिक महत्व को दर्शाने के लिए किया गया। राज्य मंत्रिमंडल ने 19 नवंबर को अपनी पिछली बैठक में करीमगंज जिले और शहर का नाम बदलने का फैसला किया था। होजई को 15 अगस्त 2015 को नागांव से अलग करके एक अलग जिला बनाया गया था।
विज्ञापन
निवासियों-व्यापारियों को जानकारी अपडेट करने की सलाह
नाम बदलने की प्रक्रिया के तहत सभी सरकारी दस्तावेजों और साइनबोर्ड पर जल्द ही नए नामों का उपयोग किया जाएगा। स्थानीय निवासियों और कारोबारियों को अपने पते व अन्य संबंधित जानकारी को अपडेट करने की सलाह दी गई है। सरकार ने इस बदलाव को सुविधाजनक बनाने के लिए उन्हें मदद प्रदान करने का आश्वासन दिया है।