असम विधानसभा उपाध्यक्ष ने कहा- गुंडाराज की प्रदेश में नहीं देंगे अनुमति
- फोटो : सोशल मीडिया
असम विधानसभा के उपाध्यक्ष नुमाल मोमिन ने रविवार को सरूपथर भारतीय जनता पार्टी के कार्यालय पर हुए हमले की निंदा की है। मोमिन ने घटना स्थल का दौरा किया और कहा कि दोषियों को बख्शा नहीं जाना चाहिए।
उन्होंने आगे कहा कि अगर कोई सरूपथर परिषद क्षेत्र के लोगों को धमकी देगा, तो हम उसे नहीं बख्शेंगे। हम उन लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेंगे जो शांतिपूर्ण माहौल को बिगाड़ने की कोशिश करेंगे। गुंडा राज की अनुमति प्रदेश में नहीं दी जाएगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बता दें कि शनिवार चार जून की रात को यह घटना तब हुई जब असम के कार्बी आंगलोंग जिले में बोकाजन विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले भाजपा सरूपथर मंडल कार्यालय में कुछ अज्ञात बदमाशों के समूह ने आग लगा दी। यह हमला तब हुआ है जब आठ जून को कार्बी आंगलोंग स्वायत्त परिषद यानी केएएसी की 26 सीटों पर आठ जून को चुनाव होना है।
असम में राजनीतिक रूप से सबसे अहम 26 सदस्यीय कार्बी आंगलोंग स्वायत्त परिषद के लिए चुनाव आठ जून को होने हैं जिससे पहले ये हिंसा का मामला सामने आया है।
राज्य चुनाव आयुक्त आलोक कुमार ने चुनाव कार्यक्रम की घोषणा करते हुए कहा था कि मतपत्रों के माध्यम से मतदाना किया जाएगा क्योंकि इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों के उपयोग के प्रचलित नियम को आदिवासी स्वायत्त निकाय द्वारा संशोधित नहीं किया गया है। मतों की गितनी 12 जून को की जाएगी।