एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने असम सरकार पर जमकर निशाना साधा। दरअसल, असम में 14 साल से कम उम्र की लड़कियों से विवाह करने वालों के खिलाफ यौन अपराध से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) कानून के तहत मामला दर्ज किया जाएगा। 14-18 साल की लड़कियों से विवाह करने वालों के खिलाफ बाल विवाह रोकथाम अधिनियम, 2006 के तहत मामला दर्ज किया जाएगा। ऐसे लोगों को गिरफ्तार किया जाएगा और विवाह को अवैध घोषित किया जाएगा। अगर लड़के की उम्र भी 14 साल से कम होगी तो उसे सुधार गृह भेजा जाएगा।
एआईआमआईएम चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए लोगों की गिरफ्तारी पर नाराजगी जताई है। ओवैसी ने कहा कि लड़कों की गिरफ्तारी के बाद शादीशुदा लड़कियों का क्या होगा? उनकी देखभाल करने वाला कौन रहेगा? उन्होंने आरोप लगाया कि असम की भाजपा मुस्लिमों के खिलाफ है।
ओवैसी का कहना था कि असम में पिछले 6 साल से बीजेपी की सरकार है। यह सरकार की विफलता है। इस तरह की गिरफ्तारियां करके आप एक और मुश्किल खड़ी कर रहे हैं, जो शादी हो चुकी हैं, उन लड़कियों का क्या करेंगे आप? कौन देखभाल करेगा उनकी? असम में भाजपा की सरकार मुस्लिमों के खिलाफ है। उन्होंने ऊपरी असम में भूमिहीन लोगों को जमीन दी, लेकिन निचले असम में ऐसा नहीं किया।
उल्लेखनीय है कि असम में बाल विवाह के आरोप में अब तक 2211 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। असम में गुवाहाटी, विश्वनाथ, ग्वालपारा, करीमगंज, मोरी गांव, बोंगाईगांव और जोरहाट में कार्रवाई की गई है। असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने बताया कि अब तक पूरे प्रदेश में बाल विवाह से संबंधित 4,074 केस दर्ज किए गए, जबकि 8,134 लोगों की पहचान की गई है। आज सुबह तक 2,211 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। बाल विवाह के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। हमें लगभग 3,500 लोगों को गिरफ्तार करना होगा।
असम पुलिस के मुताबिक, बाल विवाह के मामलों के संबंध में राज्य भर में अब तक 4,074 प्राथमिकी दर्ज की गई हैं और 2,258 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस की ओर से एक सूची जारी की गई है, जिसमें बताया गया है कि किस जिले से कितने लोग बाल विवाह के मामलों में गिरफ्तार किए गए हैं।
अभियान 2026 के असम विधानसभा चुनावों तक जारी रहेगा: हिमंत
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व शर्मा ने शनिवार को कहा कि राज्य पुलिस द्वारा पिछले दिन से शुरू किया गया बाल विवाह के खिलाफ अभियान 2026 में अगले विधानसभा चुनाव तक जारी रहेगा। पुलिस के मुताबिक, बाल विवाह के खिलाफ कार्रवाई के लिए शनिवार तक राज्य में 2,250 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया है। राज्यभर में बाल विवाह के खिलाफ दर्ज 4,074 प्राथमिकी के आधार पर अब तक कुल 2,258 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। विश्वनाथ में अब तक कम से कम 139 लोगों को, इसके बाद बारपेटा में 128 और धुबरी में 127 लोगों को पकड़ा गया है।