असम में पंचायत चुनाव के पहले चरण में शुक्रवार को हुए मतदान में 70.19 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। अधिकारियों ने बताया कि राज्य के 14 जिलों में सुबह साढ़े सात बजे शुरू हुआ मतदान शाम साढ़े चार बजे तक जारी रहा।
पहले चरण में तिनसुकिया, डिब्रूगढ़, चराइदेव, शिवसागर, माजुली, जोरहाट, गोलाघाट, धेमाजी, लखीमपुर, सोनितपुर, बिश्वनाथ, कछार, हैलाकांडी और श्रीभूमि जिलों में मतदान हो रहा है। चुनाव आयोग की ओर से जारी बयान के मुताबिक, 43 मतदान केंद्रों पर पुनः मतदान होगा।
यहां पहले चरण में 44.66 लाख पुरुष और 44.93 महिलाओं सहित 89.59 लाख से अधिक लोग मतदान करने के लिए पात्र थे। मतदान के लिए 12,916 केंद्र बनाए गए थे। पहले चरण में 216 जिला परिषद, 94 आंचलिक पंचायत और 1,139 ग्राम पंचायतों में चुनाव हुआ।
मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने मतदाताओं से जमीनी स्तर पर लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए अपने मताधिकार का प्रयोग करने का आग्रह किया। शर्मा ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में कहा, मैं हर पात्र मतदाता से आज असम पंचायत चुनाव के पहले चरण में अपने मताधिकार का प्रयोग करने का आग्रह करता हूं। आपका वोट मायने रखता है और जमीनी स्तर पर लोकतंत्र को मजबूत करने में एक लंबा रास्ता तय करेगा।
पंचायत चुनाव के तहत दूसरे चरण में सात मई को धुबरी, दक्षिण सलमारा, मनकचर, गोलपाड़ा, बोंगाईगांव, बारपेटा, बजाली, नलबाड़ी, कामरूप, कामरूप (मेट्रो), होजई, नगांव, मोरीगांव और दरांग जिलों में मतदान होना है। अगर पुनर्मतदान की स्थिति आती है तो प्रथम चरण के लिए चार मई को और दूसरे चरण के लिए नौ मई को इसके तहत मतदान होंगे। यहां दोनों चरणों के लिए मतगणना 11 मई को होगी।
असम राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, कुल 348 जिला परिषद और आंचलिक परिषद उम्मीदवार पहले ही निर्विरोध चुने जा चुके हैं, जबकि सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने 325 सीट के साथ बढ़त बना ली है।