दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि राजधानी में कोरोना वैक्सीनेशन का कार्यक्रम पूरी सफलता के साथ चल रहा है। युवा तेजी से सामने आ रहे हैं और कोरोना वैक्सीन लगवा रहे हैं। इससे उन्हें कोरोना के खतरे से बचाने में मदद मिल रही है। दिल्ली में सभी वैक्सीन सेंटर ठीक तरीके से चल रहे हैं और जैसे ही वैक्सीन की उपलब्धता सुनिश्चित की जाती है, इसे 24 घंटे चलाने पर भी विचार किया जा सकता है।
बुधवार को राधा स्वामी सत्संग ब्यास में बने वैक्सीन सेंटर का जायजा लेने के बाद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली की तैयारियां पूरी हैं। हमने तीन महीने के अंदर पूरी दिल्ली को वैक्सीन लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया था। लेकिन वैक्सीन की उत्पादकता सीमित होने के कारण इसकी उपलब्धता में बाधा आ रही है। अगर उन्हें पर्याप्त मात्रा में वैक्सीन मिलती तो तीन महीने के अंदर सबको वैक्सीन लगाने का लक्ष्य हासिल किया जा सकता था।
सीएम ने कहा कि कोरोना मरीजों के इलाज में ऑक्सीजन की कमी बड़ी बाधा बनकर सामने आ रही है। लेकिन सुप्रीम कोर्ट और दिल्ली हाई कोर्ट ने इस मामले में कड़ा रुख अपनाया है और केंद्र सरकार को दिल्ली को आवश्यक ऑक्सीजन की सप्लाई जल्द से जल्द सुनिस्छित करने को कहा है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के कई अस्पतालों में भी ऑक्सीजन प्लांट लगाये जा रहे हैं। उम्मीद है कि जल्दी से जल्दी यह समस्या बहुत जल्दी पूरी हो जाएगी।