उत्तर-पूर्व दिल्ली से सांसद, अभिनेता और गायक मनोज तिवारी ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की तुलना मथुरा जवाहर बाग हिंसा के मुख्य आरोपी रामवृक्ष यादव से की है। उन्होंने कहा है कि प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति को गाली देना और संविधान को तोड़ना केजरीवाल का भी काम है। ऐसे में उनके और रामवृक्ष के बीच क्या अंतर रह जाता है।
सांसद मनोज तिवारी वरदराज कुंज बड़ा खटला में चल रहे प्राण प्रतिष्ठा महासम्प्रोक्षण महोत्सव में शामिल होने आए थे। सोमवार को वह मीडिया से मुखातिब हुए। उन्होंने कहा कि दिल्ली में आप की सफलता का खामियाजा वहां की जनता कई वर्षों तक भुगतेगी। केजरीवाल में न शासन चलाने के गुण हैं और न ही जनता की समस्या को दूर करने की उनकी नीयत है।
भाजपा सांसद ने कहा कि आप के लोग और अरविंद केजरीवाल संवैधानिक ढांचे को ध्वस्त कर देश में अफरा-तफरी पैदा करना चाहते हैं। लोगों को हर चीज फ्री में देने की बात करते हैं। देश के प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति को गाली देते हैं। संविधान को तोड़ते रहते हैं। यही तो जवाहर बाग हिंसा का सूत्रधार रामवृक्ष करता था। ऐसे में केजरीवाल और रामवृक्ष यादव में क्या अंतर रह गया।