हरियाणा और महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के प्रदर्शन बेहतर होने से दिल्ली में भी पार्टी के मजबूत होने की उम्मीद बढ़ी है। ऐसे में दिल्ली के विधानसभा चुनाव में पार्टी की भूमिका महत्त्वपूर्ण हो सकती है। लेकिन इसी बीच आम आदमी पार्टी ने साफ कर दिया है कि वह विधानसभा चुनाव में कांग्रेस से गठबंधन नहीं करेगी।
वह अकेले अपने दम पर चुनाव लड़ेगी और पिछले विधासभा चुनाव की तरह शानदार प्रदर्शन करेगी। वहीं कांग्रेस ने भी दिल्ली चुनाव में गठबंधन जैसी किसी संभावना को सिरे से खारिज कर दिया है। हरियाणा और महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता और विधायक सौरभ भारद्वाज ने अमर उजाला से कहा कि इन चुनाव परिणामों ने साफ कर दिया है कि जनता के उसके राष्ट्रीय मुद्दों की राजनीति को नकार दिया है।
जनता के लिए ये मुद्दे महत्त्वपूर्ण तो हैं, लेकिन विधानसभा चुनाव में वह अपने स्थानीय मुद्दों का समाधान चाहती थी जो देने में भाजपा नाकाम रही। यही कारण है कि भाजपा को हरियाणा में अपेक्षित सफलता नहीं मिल पाई। भारद्वाज के मुताबिक, जबकि वे दिल्ली में लगातार लोगों के जमीनी मुद्दों पर काम करते रहे हैं और जनता के बीच उन्हें इसका समर्थन भी मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान वे कांग्रेस से किसी तरह का गठबंधन नहीं करेंगे और अकेले दम पर पिछला प्रदर्शन दुहराएंगे। वहीं, दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष राजेश लिलोठिया ने कहा कि हरियाणा और महाराष्ट्र के चुनाव परिणामों ने यह दिखा दिया है कि जनता कांग्रेस की ओर बड़ी उम्मीद से देख रही है। उसे वर्तमान राजनैतिक सत्ता का विकल्प चाहिए। यह विकल्प उसे कांग्रेस में ही दिख रहा है। जनता ने भाजपा की राष्ट्रवाद की झूठी राजनीति को खारिज कर दिया है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपने दम पर दिल्ली का चुनाव लड़ेगी और शानदार प्रदर्शन करेगी। लिलोठिया ने कहा जिस प्रकार की झूठी राजनीति केंद्र में भाजपा करती है, उसी प्रकार की नकारात्मक राजनीति दिल्ली में अरविंद केजरीवाल करते हैं। उन्होंने पूरे पांच साल कुछ नहीं किया है और आज शीला दीक्षित सरकार के समय में हुए कामों को अपना बताने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपने राष्ट्रीय महत्त्व को दोबारा वापिस पाने के लिए बेचैन है और उसे अपने दम पर मजबूत होना है। यही कारण है कि वे आम आदमी पार्टी से किसी तरह गठबंधन नहीं करेंगे।