नबाम तुकी की जगह अब पेमा खांडू अरुणाचल प्रदेश के अगले मुख्यमंत्री होंगे। खांडू को कांग्रेस विधायक दल का नया नेता चुना गया है। फिलहाल उन्हें बहुमत भी साबित नहीं करना होगा। इसके साथ ही अब तक मुख्यमंत्री रहे नबाम तुकी ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।
तुकी, दिसंबर 2015 के बाद से अपने पद के लिए जूझ रहे हैं, जब उन्हें अपनी ही पार्टी में विरोध का सामना करना पड़ा। इसके बाद विधानसभा का विशेष सत्र बुलाकर इसे भंग कर दिया गया, विरोधी कांग्रेसी नेता कलीखो पुल को मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई गई, जिसे भाजपा ने बाहर से समर्थन दिया था।
हालांकि, बुधवार को सुप्रीम कोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाते हुए अरुणाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार को बहाल करने का ऐलान किया। सर्वोच्च अदालत ने कहा कि अरुणाचल के राज्यपाल जेपी राजखोवा ने अपनी शक्तियों का गलत इस्तेमाल करते हुए विधानसभा का विशेष सत्र बुलाया और तत्कालीन मुख्यमंत्री नबाम तुकी को बर्खास्त किया।