अरुणाचल पुलिस ने तस्करी के लिए लाई जा रही 1.2 किलोग्राम हेरोइन बरामद की है। पुलिस ने बताया, हेरोइन की कीमत करीब 2.36 करोड़ रुपये है। यह हेरोइन 28 अगस्त को बरामद हुई थी। अब इस मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
इस मामले में पूर्वी कामेंग के सेप्पा के एसपी राहुल गुप्ता ने बताया कि सेप्पा और दीमापुर पुलिस द्वारा चलाए गए एक संयुक्त अभियान में दीमापुर से हेरोइन के आपूर्तिकर्ता को गिरफ्तार किया गया है। इसके साथ ही दो अन्य लोगों की भी गिरफ्तारी की गई है। तीनों आरोपियों से पूछताछ जारी है।
असम में 4700 किलो गांजा बरामद
इसके अलावा असम के करीमगंज जिले से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया गया है। राज्य के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने इसकी जानकारी दी है। मंगलवार को एक ट्वीट के माध्यम से उन्होंने बताया कि पुलिस ने सोमवार को 4700 किलोग्राम से अधिक गांजा जब्त किया है। चुरैबाड़ी थाना क्षेत्र में नियमित जांच के दौरान यह बरामदगी की गई है।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया, आरोपी त्रिपुरा से ट्रक में छिपाकर गांजा लाए थे और उसे रबर शीट के नीचे दबाया गया था। ट्रक चालक ने नाकेबंदी देखकर वाहन रोक दिया। ट्रक की तलाशी के दौरान गांजा बरामद किया गया। उन्होंने बताया, ट्रक चालक रात के अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। चालक की पहचान की जा रही है। पुलिस अधिकारी ने बताया, मामले में जांच जारी है।